Purnea Weather Alert : पूर्णिया से अखिलेश चन्द्रा की रिपोर्ट. बिहार के पूर्णिया में आज मौसम का मिजाज लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. सुबह की हल्की बारिश और ठंडी हवा ने जहां लोगों को राहत दी, वहीं मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में उमस भरी गर्मी और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है. IMD के अनुसार पूर्णिया में अगले चार दिनों तक मौसम का डबल अटैक देखने को मिल सकता है. इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है.
सुबह सुहानी, लेकिन आगे बढ़ सकती है परेशानी
शनिवार सुबह पूर्णिया का मौसम बेहद सुहावना नजर आया. आसमान में बादल छाए रहे और पूर्वा हवा चलती रही. अहले सुबह हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को गर्मी से राहत दी. कई लोग मॉर्निंग वॉक का आनंद लेते दिखे. लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज्यादा देर टिकने वाली नहीं है.
कुछ घंटों में बदल सकता है मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. बादलों और नमी की वजह से तापमान बढ़ने के साथ चिपचिपी गर्मी महसूस होगी. खासकर दोपहर और शाम के समय लोगों को अधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
40 से 50 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा
पूर्णिया मौसम इंडेक्स के अनुसार जिले में तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने बताया है कि इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. खराब मौसम को देखते हुए खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है.
30 मई तक जारी रह सकता है मौसम का असर
आईएमडी ने 30 मई तक मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है. अगले चार दिनों तक कभी बारिश तो कभी उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से निकलने और सतर्क रहने की सलाह दी है.
किसानों और यात्रियों को खास सावधानी की जरूरत
बारिश और तेज हवा का असर खेती और दैनिक जीवन पर भी पड़ सकता है. किसानों को फसलों की सुरक्षा करने की सलाह दी गई है, जबकि यात्रियों को मौसम अपडेट देखकर ही सफर करने को कहा गया है.
