Purnea University News: पूर्णिया विश्वविद्यालय में परीक्षा नियंत्रक प्रो. अमरकांत सिंह के इस्तीफे के बीच सोमवार को सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन को ईमेल भेजकर समयबद्ध परीक्षा और रिजल्ट की मांग की. बड़ी संख्या में एक साथ प्राप्त ईमेल ने विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ-साथ शैक्षणिक जगत का भी ध्यान आकर्षित किया है.
एक ही दिन में पहुंचे सैकड़ों ईमेल
विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने ईमेल के माध्यम से अपनी मांग रखी. छात्रों ने विश्वविद्यालय से नियमित शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप परीक्षाएं आयोजित करने और समय पर परिणाम जारी करने का आग्रह किया.
विश्वविद्यालय ने कहा- की जा रही है कार्रवाई
विश्वविद्यालय के मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में छात्रों के ईमेल प्राप्त हुए हैं. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इन मांगों पर युक्तिसंगत कार्रवाई कर रहा है और छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है.
एक साथ ईमेल भेजने को लेकर चर्चा तेज
उच्च शिक्षण संस्थानों में इस बात को लेकर चर्चा है कि एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में छात्रों ने एक साथ ईमेल कैसे भेजे. यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या यह किसी संगठित अभियान का हिस्सा था या छात्रों की स्वतःस्फूर्त पहल. हालांकि इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
'कॉकरोच आंदोलन' से भी जोड़ी जा रही चर्चा
शैक्षणिक हलकों में इस घटनाक्रम को पूर्व में चर्चा में रहे "कॉकरोच आंदोलन" से जोड़कर भी देखा जा रहा है. कुछ लोग इसे नई पीढ़ी की शांतिपूर्ण और डिजिटल तरीके से अपनी बात रखने की पहल यानी "गांधीगिरी" का उदाहरण बता रहे हैं. हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आयी है.
अब विश्वविद्यालय की प्रतिक्रिया पर नजर
Purnea University News: फिलहाल छात्र-छात्राओं और शिक्षण जगत की निगाहें विश्वविद्यालय प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं. सभी को इंतजार है कि विश्वविद्यालय छात्रों की मांगों पर किस प्रकार की प्रतिक्रिया देता है और परीक्षा व परिणाम को लेकर क्या निर्णय लेता है.
