पूर्णिया के गुलाबबाग मंडी में टूटा मक्का का भाव, 50 रुपये तक आई गिरावट, किसानों की बढ़ी चिंता

Purnea Mandi News: तेज धूप से बढ़ी मक्का की आवक, लेकिन पूर्णिया केकी गुलाबबाग मंडी में दाम टूटने लगे हैं. कारोबारियों का कहना है कि अभी और गिरावट की आशंका बनी हुई है. सबसे ज्यादा परेशानी उन किसानों को हो रही है, जिनका मक्का अभी पूरी तरह सूखा नहीं है.

Purnea Mandi News: पूर्णिया से सत्येन्द्र सिन्हा गोपी की रिपोर्ट. गुलाबबाग मंडी में शुक्रवार को मक्का बाजार का माहौल किसानों के लिए राहत भरा नहीं रहा. मंडी में मक्का की आवक बढ़ने के बावजूद खरीदारी कमजोर दिखी और दाम 50 रुपये प्रति क्विंटल तक नीचे लुढ़क गये. व्यापारियों के मुताबिक मौसम साफ रहने से गांवों से तेजी से मक्का मंडी पहुंच रहा है, लेकिन खरीदार फिलहाल सतर्क हैं. खासकर कच्चे मक्का की मांग लगभग खत्म होने से किसानों के सामने बेचने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है.

धूप निकली तो मंडी पहुंचा ज्यादा मक्का, लेकिन टूट गया बाजार

पिछले दो दिनों से इलाके में तेज धूप निकलने के बाद किसानों ने तेजी से मक्का की निकासी शुरू की. इसका असर सीधे मंडी पर पड़ा और आवक अचानक बढ़ गयी. हालांकि बढ़ी हुई सप्लाई के मुकाबले खरीदारी मजबूत नहीं दिखी. एक दिन पहले तक जो अच्छी क्वालिटी का मक्का 2030 से 2050 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा था, उसका भाव शुक्रवार को घटकर करीब 2000 रुपये पर पहुंच गया.

वहीं, मध्यम क्वालिटी वाले मक्का के दाम भी 1950 रुपये से गिरकर 1900 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गये. कारोबारियों का कहना है कि बाजार में अभी दबाव बना हुआ है और आने वाले दिनों में कीमतों में और नरमी देखी जा सकती है.

कच्चे मक्का ने बढ़ाई किसानों की मुश्किल

मंडी में सबसे ज्यादा परेशानी कच्चे मक्का को लेकर देखने को मिली. व्यापारियों ने साफ संकेत दिया कि नमी वाले मक्का का खरीददार फिलहाल नहीं है. यही वजह रही कि कई किसान मंडी में दाम सुनकर असमंजस में पड़े रहे. जानकारों के मुताबिक अगर मौसम लगातार साफ रहा तो अगले कुछ दिनों में आवक और बढ़ सकती है.

गेहूं स्थिर, चावल में हल्का उतार-चढ़ाव

मक्का के विपरीत गेहूं का बाजार स्थिर बना रहा. गेहूं का भाव 2500 से 2600 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहा. वहीं चावल की अलग-अलग किस्मों में हल्का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया. बासमती चावल का अधिकतम भाव 13 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचा जबकि मंसूरी और अरवा मोटा चावल के दाम सामान्य बने रहे.

जानिए गुलाबबाग मंडी का ताजा बाजार भाव

मक्का 1900 से 2000 रुपये, गेहूं 2500 से 2600 रुपये, मंसूरी चावल 3250 से 3400 रुपये और बासमती चावल 12500 से 13000 रुपये प्रति क्विंटल बिके. वहीं सरसों, दाल और सब्जियों के दाम में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया.

Also Read: बिहार में ट्रैफिक नियम तोड़ा तो 45 दिन में भरें जुर्माना, नहीं तो RC-DL होंगे रद्द, सरकार का बड़ा फैसला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >