अमौर. अमौर थानाक्षेत्र के खरहिया गांव में पुलिस ने दुष्कर्म व आभूषण छिनतई के मामले में फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त के घर पर इश्तेहार चिपकाया है. यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है.जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि अमौर थाना कांड संख्या 133/26 के तहत पीड़ित महिला ने आनंद कुमार विश्वास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी.आरोप के मुताबिक, बीते 13 मार्च 2026 की रात जब घर के पुरुष सदस्य एक शादी समारोह में बाहर गए थे, तब अभियुक्त ने घर में घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी. साथ ही, अभियुक्त पर महिला का मंगलसूत्र और सोने की नथिया छीनने का भी आरोप है. केस के अनुसंधानकर्ता सह अपर थानाध्यक्ष अनंत राम ने पुलिस बल के साथ अभियुक्त के पैतृक आवास पहुंचकर मुनादी करायी. इस दौरान ग्रामीणों की मौजूदगी में इश्तेहार चिपकाते हुए चेतावनी दी गई कि यदि अभियुक्त नियत समय के भीतर न्यायालय या थाने में आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो पुलिस उसके घर की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू करेगी.अपर थानाध्यक्ष अनंत राम ने बताया कि अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा है और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा है. कानून व्यवस्था बनाए रखने और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इश्तेहार की तामीला के बाद अब कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जायेगी.
दुष्कर्म व छिनतई के मामले में फरार अभियुक्त के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार
अमौर थानाक्षेत्र के खरहिया गांव में पुलिस ने दुष्कर्म व आभूषण छिनतई के मामले में फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त के घर पर इश्तेहार चिपकाया है.
