पूर्णिया. विधायक जनसंपर्क कार्यालय में मंगलवार को पूर्णिया विधानसभा के पांचों मंडलों के कार्यकर्ताओं के साथ विधायक विजय खेमका ने बैठक की. बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर चर्चा की गयी. अभियान के संयोजक, सह-संयोजक और मंडल अध्यक्षों के साथ एक माह तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गयी.
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर हर बूथ पर जलेगा ‘आशीर्वाद का एक दीप’
बैठक में 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनायी गयी. वर्ष 2001 से 2026 तक उनकी जनसेवा यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर ‘आशीर्वाद का एक दीप’ जलाने का निर्णय लिया गया.
इसके अलावा मंदिर-मठों और लाभुक परिवारों के घरों पर भी दीप प्रज्वलित करने की योजना है. इसके माध्यम से प्रधानमंत्री की सार्वजनिक सेवा यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने का संदेश दिया जाएगा.
प्रमुख मंदिरों में भी होगा दीपोत्सव
अभियान के तहत गुलाबबाग सोनौली चौक स्थित शिव मंदिर, भट्ठा खीरू चौक स्थित बजरंगबली मंदिर, मधुबनी महावीर मंदिर, हरदा बाजार बजरंगबली मंदिर, रानीपतरा चौक बजरंगबली मंदिर और महेंद्रपुर काली मंदिर में भी विशेष रूप से दीप प्रज्वलित किये जाएंगे. इन मंदिरों में दीपोत्सव के आयोजन की तैयारी की जा रही है.
मंडल अध्यक्षों ने तैयारियों की दी जानकारी
बैठक में मंडल अध्यक्ष पवन सहनी, मनोज गोस्वामी, गोपाल सिंह, पानो देवी और मनोज सिंह ने अभियान को लेकर अब तक की तैयारियों की जानकारी दी. कार्यकर्ताओं ने एक माह तक चलने वाले कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने को लेकर भी चर्चा की.
बूथ स्तर तक समय पर दीप पहुंचाने का निर्देश
विधायक विजय खेमका ने मंडल अध्यक्षों को दीप वितरित किये. उन्होंने बूथ स्तर तक समय पर दीप पहुंचाने और अभियान से जुड़े कार्यक्रमों को निर्धारित समय के अनुसार पूरा करने का आह्वान किया. उन्होंने पूर्णिया विधानसभा के सभी मंडलों में कार्यकर्ताओं से सक्रियता के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की.
कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
बैठक में राजेश चौरसिया, ज्योतिष ठाकुर, रामानंद साह, मिथलेश पोद्दार, मनीष भारती, वीरेंद्र सिंह, श्रवण मंडल, मनोरंजन कुमार, अवधेश सिंह, अजित सिन्हा, गणेशी साह, मोहित राय और तापस रुद्रा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.
