पूर्णिया. नगर निगम सभागार में नवपदस्थापित नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडेय, आईएएस के स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया. समारोह की अध्यक्षता नगर निगम की महापौर विभा कुमारी ने की. महापौर ने नगर आयुक्त को अंगवस्त्र एवं बुके भेंटकर उनका स्वागत किया. इसके बाद विभिन्न वार्डों के वार्ड पार्षदों, पार्षद प्रतिनिधियों, नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मियों ने भी नगर आयुक्त का गर्मजोशी से अभिनंदन किया.
महापौर बोलीं, तेजी से विकसित हो रहा है पूर्णिया शहर
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर विभा कुमारी ने कहा कि नगर निगम परिवार में नए नगर आयुक्त का स्वागत करते हुए उन्हें प्रसन्नता हो रही है. उन्होंने कहा कि पूर्णिया तेजी से विकसित हो रहा शहर है और बढ़ती आबादी के साथ नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना नगर निगम की बड़ी जिम्मेदारी है.
महापौर ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और निगम प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शहर के विकास कार्यों को और तेज गति दी जाएगी. नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा.
टीम भावना से होगा शहर के विकास का काम
नवपदस्थापित नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडेय ने स्वागत समारोह में मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पूर्णिया नगर निगम में टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने का प्रयास किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि नगर निगम का मूल उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर से बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है. इसके लिए जनप्रतिनिधियों एवं निगम प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है.
साफ-सफाई, जलजमाव और सड़क जैसी समस्याओं को प्राथमिकता
नगर आयुक्त ने कहा कि साफ-सफाई, जलजमाव, सड़क, नाला, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा. विकास योजनाओं को समय पर पूरा कराने पर विशेष ध्यान दिया जायेगा. उन्होंने निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया. नगर आयुक्त ने कहा कि बेहतर कार्ययोजना और सभी के सहयोग से शहर की नागरिक सुविधाओं में सुधार लाने का प्रयास किया जायेगा.
पार्षदों और निगम अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, वार्ड पार्षद आशा महतो, ममता सिंह, राखी कुशवाहा, निर्जला देवी, कल्याणी राय, कुमारी खुशबू, चांदनी देवी, ऋतुराज यादव, स्वपन घोष, नवल जायसवाल, अभिजीत कुमार उर्फ निप्पू पासवान, तौकिर रियाज उर्फ पप्पू, अमित कुमार सोनी, भोला कुशवाहा, अर्जुन सिंह, राकेश राय, लखेंद्र साह और राजी हाशमी मौजूद थे. इसके अलावा पार्षद प्रतिनिधि श्रीप्रसाद महतो, ललनेश सिंह, अमरेंद्र कुशवाहा, आशीष पोद्दार, बहादुर यादव, राजीव राय, राहुल मिश्रा, मो वसीम, उपेंद्र सिंह, अजय मांझी, संजू उरांव, रहीम अंसारी, अरविंद साह उर्फ भोला, बैद्यनाथ सिंह और दिलीप चौधरी सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
