नाता-रिश्ता तोड़ पति गया परदेश तो एक बच्ची की मां ने फांसी लगा दी जान

भवानीपुर

भवानीपुर (पूर्णिया). अकबरपुर थानाक्षेत्र के लाठी पंचायत अंतर्गत भिट्ठा गांव वार्ड संख्या-10 में बीती शाम एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. अकबरपुर थानाध्यक्ष अनुज राज ने बताया कि अब तक किसी भी पक्ष से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. जानकारी के अनुसार, भिट्ठा निवासी मधुसूदन मंडल की पुत्री डिंपल कुमारी ने घर की छत के बांस में रस्सी बांधकर फांसी लगा ली. बताया गया कि उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व रूपौली थाना क्षेत्र के डोभा गांव निवासी एक युवक से हुई थी. शादी के कुछ समय तक दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच संबंध बिगड़ गए और दोनों अलग-अलग रहने लगे. पति दूसरे राज्य में काम करने चला गया और पत्नी से उसका संपर्क भी लगभग खत्म हो गया. डिंपल एक बच्ची की मां थी. परिवार में दो भाई और दो बहन हैं, जिनमें एक बहन की शादी हो चुकी है. पिता व भाई भी बाहर रहकर मजदूरी करते हैं. हाल ही में एक भाई पंजाब से घर लौटा था. घटना के वक्त डिंपल की मां और भाई घास काटने खेत गए हुए थे. वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि डिंपल का शव फंदे से लटक रहा है. इसके बाद परिजनों ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर जुट गए. घटना की सूचना मिलते ही अकबरपुर थानाध्यक्ष अनुज राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek Bhaskar

Abhishek Bhaskar is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >