पूर्णिया पूर्व. मुफस्सिल थाना क्षेत्र क्षेत्र के रामपुर बेलवा में सोमवार को सात हजार रुपये के लिए शराब के नशे में धुत एक युवक ने बेलवा गांव के नीरज यादव पर कट्टा तान दिया. पीड़ित की सूझबूझ के कारण उक्त युवक को हथियार के साथ मुफस्सिल पुलिस के हवाले कर दिया गया. इस संबंध में पीड़ित नीरज यादव ने बताया कि कुछ महीने पूर्व मैंने घोरघाट निवासी सुभाष कुमार यादव उर्फ गुड्डू यादव से सात हजार रुपये उधार लिया था. रुपये लौटाने के लिए एक समय दे दिया था. लेकिन उससे पहले ही उसने कई बार मुझसे रुपए की मांग की. इसी क्रम में सोमवार को जब मैं मंझेली से अपने घर जा रहा था तो रजवाड़ी के समीप बीच सड़क पर रोक लिया और मेरे ऊपर हथियार तान कर कहा कि आज तुमको जान से मार देंगे. इतने में पीछे से आ रही मुफस्सिल थाना की गश्ती गाड़ी को देखते ही हथियार झाड़ी में फेंक कर वहां से भागने लगा. मुफस्सिल पुलिस ने उक्त युवक को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि युवक को हथियार के साथ हिरासत में ले लिया गया है तथा मामले की छानबीन की जा रही है .उक्त युवक पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
