पूर्णिया जिले में बादलों की आवाजाही और पुरवैया हवा के चलने से सुबह के समय मौसम खुशनुमा बना हुआ है. अहले सुबह कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई. हालांकि, दिन चढ़ने के साथ लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज पूर्णिया का मौसम सामान्य से लेकर आंशिक रूप से बदला हुआ रहेगा.
दिनभर छाए रहेंगे बादल, हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिनभर आसमान में बादलों का डेरा रहेगा. जिले में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है, हालांकि भारी बारिश की संभावना कम जताई गई है. इसके साथ ही तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं.
मौसम इंडेक्स के अनुसार, गुरुवार को पूर्णिया का:
- अधिकतम तापमान: 34.0°C रहने का अनुमान है.
- न्यूनतम तापमान: 27.0°C दर्ज किया जा सकता है.
आंधी और वज्रपात की चेतावनी, सतर्क रहने की अपील
यद्यपि मौसम इंडेक्स में किसी बड़े रेड या ऑरेंज अलर्ट की आधिकारिक चेतावनी जारी नहीं की गई है, फिर भी आईएमडी ने मेघगर्जन (बिजली चमकने), तेज आंधी और वज्रपात (ठनका) की संभावना जताते हुए लोगों को एहतियात बरतने और सतर्क रहने की सलाह दी है.
मानसून की गतिविधियां पड़ीं धीमी
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल क्षेत्र में मानसून की गतिविधियां थोड़ी कमजोर पड़ गई हैं. बीते बुधवार को भी दिनभर धूप और छांव का खेल चलता रहा और बिना बारिश के ही बादल गुजर गए. आने वाले दिनों में भी हल्की बारिश और उमस का मिला-जुला प्रभाव बने रहने की उम्मीद है.
