नन्हे बच्चों ने उत्साह के साथ मनाया मैंगो डे, खेल-खेल में सीखे पोषण के पाठ

पूर्णिया के किड्ज़ी जॉनी किड्स विद्यालय में 'मैंगो डे' का भव्य आयोजन हुआ. बच्चों ने आम के पोषण संबंधी गुणों को खेल-खेल में सीखा. परेड, कविता और नृत्य से बच्चों ने कार्यक्रम में रंग भरा.

पूर्णिया : शहर के महबूब खान टोला स्थित किड्ज़ी जॉनी किड्स विद्यालय में गुरुवार को उत्साहपूर्वक 'मैंगो डे' मनाया गया. इस अवसर पर बच्चों को फलों के राजा आम के पोषण संबंधी गुणों और स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई. खेल-खेल में आयोजित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों का उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े कई महत्वपूर्ण संदेश भी दिए गए.

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अनिंदिता कर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उन्होंने बच्चों के उत्साह और विद्यालय की रचनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

परेड, कविता और नृत्य से बच्चों ने बिखेरा रंग

विद्यालय के निदेशक त्रिदीप कुमार दास ने कहा कि किड्ज़ी जॉनी किड्स विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के व्यक्तित्व विकास और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर गतिविधि आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. वहीं प्रधानाचार्या अम्बरीन खान ने अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि 'मैंगो डे' जैसे आयोजन बच्चों में स्वस्थ खान-पान की आदत, आत्मविश्वास, सामाजिक सहभागिता और रचनात्मक सोच विकसित करने में सहायक होते हैं.

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मैंगो परेड, मैंगो ट्रिविया, कविता पाठ, नृत्य और अन्य मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया. बच्चों ने आम से बने विभिन्न व्यंजनों का भी आनंद लिया, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा.

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षकों और अभिभावकों का विशेष सहयोग रहा. अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अखिलेश चंद्रा प्रिंट माध्यम में 30 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >