Gulabbagh Purnea Mandi: पूर्णिया. सीमांचल की सबसे बड़ी कृषि मंडियों में शामिल गुलाबबाग मंडी में इन दिनों मक्का, जिसे किसान ‘पीला सोना’ भी कहते हैं, लगातार चमक बिखेर रहा है. पिछले कई दिनों से मक्का के भाव ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं और कारोबारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इसमें और तेजी देखने को मिल सकती है. बढ़ती मांग और अच्छी गुणवत्ता के कारण किसानों को भी अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है.
गुरुवार को गुलाबबाग मंडी में सुपर क्वालिटी मक्का का अधिकतम भाव 2150 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. वहीं मीडियम क्वालिटी मक्का 2000 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका. व्यापारियों का कहना है कि बाजार में मक्का की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है, जिसके चलते कीमतों में गिरावट की संभावना फिलहाल कम दिखाई दे रही है.
आवक बढ़ी, लेकिन कीमतों पर नहीं पड़ा असर
दिलचस्प बात यह है कि पिछले कुछ दिनों में मंडी में मक्का की आवक भी तेजी से बढ़ी है. आमतौर पर आवक बढ़ने पर कीमतों पर दबाव बनता है, लेकिन इस बार मांग इतनी मजबूत है कि अधिक आवक के बावजूद भाव ऊंचे बने हुए हैं. यही कारण है कि किसान अपनी उपज लेकर बड़ी संख्या में गुलाबबाग मंडी पहुंच रहे हैं.
कारोबारियों का मानना है कि पशु आहार, स्टार्च उद्योग और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में मक्का की मांग बढ़ने से कीमतों को लगातार समर्थन मिल रहा है. यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में मक्का के भाव में और उछाल देखने को मिल सकता है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
दाल और चावल के बाजार में भी दिखी मजबूती
मक्का के अलावा दाल और चावल के बाजार में भी मजबूती का रुख देखने को मिला. बासमती चावल 13 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक बिका, जबकि अरहर दाल का अधिकतम भाव 14,500 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. मूंग दाल 9,600 रुपये और मसूर दाल 6,750 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंची.
सरसों के भाव भी मजबूत बने हुए हैं. पीली सरसों 7,800 रुपये और काली सरसों 7,400 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी. वहीं सब्जियों में आलू और प्याज के भाव अपेक्षाकृत सामान्य बने रहे.
किसानों की बढ़ी उम्मीदें
मक्का के लगातार मजबूत भाव से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं. कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बाजार में मांग का यह रुख जारी रहा तो आने वाले दिनों में किसानों को और बेहतर कीमत मिल सकती है. फिलहाल गुलाबबाग मंडी में मक्का सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ है और किसानों की नजर अब अगले भाव पर टिकी है.
इसे भी पढ़ें: बदले गए पटना, गया समेत बिहार के 13 जिलों के SP, जानिए आपके जिले का नया पुलिस कप्तान कौन
