जलालगढ़ में 25 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ 4 धंधेबाज गिरफ्तार

जलालगढ़ थाना पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है. गश्त के दौरान 25 लीटर अवैध देसी शराब के साथ चार तस्करों को रंगे हाथ पकड़ा गया है. सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

पूर्णिया जिले की जलालगढ़ थाना पुलिस ने शराब माफियाओं और तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने गश्त के दौरान 25 लीटर अवैध देसी चुलाई शराब के साथ चार शातिर धंधेबाजों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में पूर्णिया जेल भेज दिया है.

पुलिस की गाड़ी देखते ही 'खाता हाट' की ओर भागने लगे तस्कर

जलालगढ़ के थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार की सुबह पुलिस की एक विशेष गश्ती टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए भ्रमण कर रही थी.

इसी दौरान पुलिस वाहन को आते देख सड़क किनारे खड़े कुछ युवक अचानक हड़बड़ा गए और पुलिस की नजरों से बचकर 'खाता हाट' की तंग गलियों की तरफ तेजी से भागने लगे. युवकों का यह संदिग्ध व्यवहार देखकर गश्ती दल में शामिल पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाई और उनका पीछा करना शुरू कर दिया.

चारों तरफ से घेराबंदी कर 4 को दबोचा, तलाशी में मिली शराब

भाग रहे बदमाशों को एएसआई (ASI) संतोष कुमार और साथ में मौजूद सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ से घेर लिया और दौड़कर चारों को धर दबोचा. पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है:

  • रंजीत कुमार राम (निवासी: खाता हाट)
  • मो. शमशाद आलम (निवासी: खाता हाट)
  • गौरव कुमार (निवासी: एकम्बा खाता हाट)
  • अनमोल पासवान (निवासी: एकम्बा खाता हाट)

बोरे में छुपा रखा था जखीरा:

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने इन चारों के पास मौजूद प्लास्टिक के बोरे की सघन तलाशी ली, तो उसके भीतर से गैलन और छोटी-छोटी पॉलीथिन थैलियों में बंद कुल 25 लीटर अवैध देसी चुलाई शराब बरामद हुई. तस्कर इस खेप को स्थानीय स्तर पर खपाने की फिराक में थे.

कागजी कार्रवाई के बाद भेजे गए जेल, गश्त बढ़ाने के निर्देश

शराब के इस अवैध गोरखधंधे में रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद पुलिस चारों आरोपियों को माल समेत जब्त कर थाने लाई. यहां मद्यनिषेध कानून की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई. शुक्रवार को करीब 11:00 बजे सभी गिरफ्तार धंधेबाजों को पुलिस अभिरक्षा में पूर्णिया कोर्ट (न्यायिक हिरासत) के लिए रवाना कर दिया गया.

थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि क्षेत्र में शराबबंदी कानून को पूरी तरह प्रभावी बनाने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है और आने वाले दिनों में हाट-बाजारों व सीमावर्ती इलाकों में पुलिस गश्त और तेज की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >