प्रतिनिधि, पूर्णिया पूर्व. पूर्णिया पूर्व प्रखंड क्षेत्र के रानीपतरा चौक से रजीगंज गांव जाने वाली सड़क पर स्थित नहर के पुल के दोनों तरफ का एप्रोच टूट जाने से क्षेत्र में खतरे की स्थिति पैदा हो गई है . स्थानीय लोगों के अनुसार, किसी भी समय यहां बड़ी दुर्घटना हो सकती है. बताया गया कि रानीपतरा से रजीगंज होते हुए दिवानगंज जाने वाली यह सड़क प्रधानमंत्री योजना के तहत बनायी गई थी और कई बार इसकी मरम्मत भी की गई है . ग्रामीणों का आरोप है कि बावजूद इसके नहर पर बने पुराने पुल की न तो समुचित मरम्मत की गयी और न ही नए पुल का निर्माण कराया गया. ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल करीब 50 वर्ष पुराना है और आज भी उसी पर आवागमन जारी है समय-समय पर सड़क की मरम्मत तो होती रही, लेकिन पुल को लेकर कोई गंभीर पहल नहीं हुई. अब स्थिति यह हो गई है कि पुल के दोनों ओर का एप्रोच पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब पुल की मरम्मत या नए पुल के निर्माण की मांग की है.
50 वर्ष पुराने पुल का एप्रोच टूटने से दुर्घटना की आशंका
पूर्णिया पूर्व
