पूर्णिया. जिलाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश एवं सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित आठ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं 16 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस का आयोजन किया गया. इस अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं द्वारा गर्भवती महिलाओं को व्यापक रूप से प्रेरित एवं मोबिलाइज कर स्वास्थ्य संस्थानों तक लाया गया जहां चिकित्सकों द्वारा एएनसी जांच के साथ-साथ सभी आवश्यक पैथोलॉजिकल जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं. समाचार लिखे जाने तक कुल 1109 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच चिकित्सकों द्वारा की गई. जांच के बाद 233 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान की गई. इनमें से 42 महिलाओं में हीमोग्लोबिन का स्तर 7 ग्राम,डीएल से कम पाया गया. बताया गया कि सभी चिह्नित उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का प्रत्येक माह की 15 एवं 21 तारीख को नियमित फॉलो-अप जांच की जाएगी. आवश्यकता के अनुसार सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के लिए उन्हें उच्चतर स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा तथा आशा एवं एएनएम द्वारा निरंतर ट्रैकिंग की जाएगी.कार्यक्रम के दौरान सभी गर्भवती महिलाओं एवं उनके अभिभावकों को सुरक्षित मातृत्व हेतु संतुलित आहार, नियमित जांच एवं स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई. जिला प्रशासन द्वारा अपील की गई कि सभी गर्भवती महिलाएं निर्धारित तिथियों पर स्वास्थ्य संस्थानों में पहुंचकर जांच अवश्य कराएं.
सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर गर्भवती महिलाओं की हुई जांच
पूर्णिया
