धमदाहा. स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को अनुमंडल अस्पताल धमदाहा में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक हुई. बैठक में मुख्य रूप से धमदाहा अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम कुमार ने मौजूद रहे. बैठक में बीएचएम, सभी एएनएम और आशा फैसिलिटेटर शामिल हुईं. बैठक में 7 प्रमुख बिंदुओं पर गहन मंथन किया गया और अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य दिए गए. बैठक में एएनसी की पंचायतवार समीक्षा की गई. इसके तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रसव पूर्व जांच की पंचायतवार उपलब्धि पर चर्चा हुई. कम प्रगति वाले क्षेत्रों में सुधार के निर्देश दिए गए. बैठक में टीकाकरण बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा करते हुए नियमित टीकाकरण में कम उपलब्धि वाले एएनएम एवं संबंधित सीएचओ के साथ उपलब्धि बढ़ाने और नई रणनीति बनाने को कहा गया. टीबी के मरीजों को चिन्हित कर तुरंत अनुमंडल अस्पताल भेजने के लिए विशेष अभियान चलाने पर सहमति बनी जबकि मातृ-शिशु मृत्यु दर घटाने के उद्देश्य से एचआरपी वाली गर्भवती महिलाओं का प्रसव होने तक अनिवार्य रूप से फॉलोअप करने के निर्देश दिए गए. बैठक में अनुमंडल अस्पताल धमदाहा में जल्द अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने पर चर्चा हुई और अस्पताल परिसर के सौंदर्यीकरण और मरीजों को सौ फीसदी समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया. यहां हाल ही में नीति आयोग की टीम और संबंधित अभियंता भी स्थल निरीक्षण कर चुके हैं. बैठक के दौरान गार्डासिल एचपीवी वैक्सीनेशन बढ़ाने के लिए आशा फैसिलिटेटर के साथ-साथ 9 सीएचओ को पंचायतवार वरीय प्रभारी बनाया गया..सभी को प्रतिदिन का लक्ष्य दिया गया और अनुमंडल स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का भी निर्देश दिया गया.
धमदाहा अनुमंडल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर
धमदाहा
