कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा कल, गुलजार रहा बकरों का बाजार

गुलजार रहा बकरों का बाजार

कुर्बानी को लेकर की गई अंतिम खरीदारी, जिले के हाटों में काफी महंगा बिका बकरा

बकरीद को लेकर रेडिमेड गारमेंट्स संग शहर के किराना बाजार में भी चहल-पहल

पूर्णिया. कुर्बानी का त्योहार ईद-उल-अजहा यानी बकरीद यहां गुरुवार को मनाया जाएगा. बकरीद को लेकर प्रशासन सजग है. इसके लिए सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध किया गया है. अलबत्ता, बकरीद को लेकर मंगलवार को लोगों ने जमकर खरीदारी की. बाजारों में दिनभर चहल-पहल रही. खास कर, कुर्बानी के लिए बकरों की खूब खरीदारी हुई जबकि लोगों ने सेवई सहित अन्य सामानों की खरीदारी की. गुरुवार को मस्जिदों और ईदगाहों में बकरीद की नमाज अदा कर इबादत की हर रस्म निभाई जाएगी. मस्जिदों और ईदगाहों में पहले से ही पूरी तैयारी की गई है. इस बीच नमाज एवं अन्य रस्मों के लिए भी तैयारी को अंतिम रुप दिया गया. गुरुवार 28 जून को पूर्णिया के अकीदतमंद बकरीद की नमाज अदा करेंगे और अल्लाह तआला से बंदगी कर अमन-चैन के लिए दुआ करेंगे.

हाटों में 10 से 90 हजार तक बिका बकरा

जिले में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. ईदगाह व मस्जिदों के आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई का काम पूरा हो गया है. गुरुवार को दी जानेवाली कुर्बानी के लिए पिछले कई दिनों से खरीदारी चल रही है. पिछले तीन-चार दिनों से शीशाबाड़ी और डगरुआ हाट के बकरा बाजार से खरीदारी हो रही है. खबर है कि इन हाटों में अलग-अलग नस्ल और अलग-अलग साइज के बकरों की बिक्री हुई. शहर में भी गांवों से ही बकरा की खरीदारी की गई जबकि शहर के कई लोगों ने पन्द्रह दिन पहले गांव में जाकर बकरा खरीद कर रख लिया है जिसकी कुर्बानी आने वाले गुरुवार को दी जाएगी. स्थानीय लोगों ने बताया कि डगरुआ में नीचे 10 हजार और उपर 90 हजार तक बकरा के दाम लगाए गये.

सुरक्षा के एहतियाती निर्देश जारी

प्रशासन ने बकरीद में एहतियाती तौर पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया है.जिले के सभी पुलिस थानों को एहतियातन अलर्ट कर दिया गया है.खास तौर पर सीमावर्ती थानों को विशेष निर्देश दिए गये हैं. निर्देश में इस बात पर ख्याल रखने को कहा गया है कि कहीं अनावश्यक रूप से कोई विवाद न हो.

पकवान संग कुर्ता-पैजामा की भी है तैयारी

बकरीद यानी ईद-उल-अजहा पर्व के लिए सिर्फ बकरे ही नहीं खरीदे गये हैं. कुर्बानी के साथ घरों में पकवान की भी तैयारी हो रही है. यही वजह है कि शहर के बाजारों में पकवान बनाने के लिए किराना के सामानों की खरीदारी की गई है. इस खरीददारी के लिए किराना आइटमों की बिक्री अचानक बढ़ गई है. बकरीद की खरीददारी के लिए काफी लोग गुलाबबाग मंडी भी पहुंचे और जम कर खरीददारी की. उधर, रेडिमेड गारमेंट्स और कपड़ों के बाजार में भी गरमाहट नजर आयी. कहीं कुर्ता-पैजामा के लिए कपड़े खरीदे गये तो कहीं बच्चों के जींस शर्ट,फ्रॉक , सलवार और दुपट्टा की खरीददारी की गई.

————————

यहां होगी बकरीद की नमाज

होस्पीटल ईदगाह – 6.30 बजे सुबह

सज्जादिया ईदगाह- 7.30 बजे सुबह

जामा मस्जिद खजांची हाट -8.30 बजे सुबह

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >