PURNIA सहयोग शिविर में पहुंचे डीएम, प्राप्त आवेदनों को समय पर निष्पादन के दिये निर्देश
पूर्णिया पूर्व प्रखंड के चांदी पंचायत भवन में मंगलवार को पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया.
पूर्णिया पूर्व से राजकुमार चौधरी की रिपोर्ट :
पूर्णिया पूर्व प्रखंड के चांदी पंचायत भवन में मंगलवार को पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का निरीक्षण जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने किया. इस दौरान उन्होंने प्रखंड के सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित किया जाये. जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी लाभुकों के आवेदन विधिवत प्राप्त किए जाएं और उनका निष्पादन समय पर किया जाये. शिविर में वृद्धा पेंशन से संबंधित कई लाभुक पहुंचे, जिनमें कुछ के फिंगरप्रिंट अपडेट नहीं हो पा रहे थे .इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सत्यापन कर शीघ्र समाधान के लिए करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शिविर स्थल पर बुनियादी सुविधाएं जैसे पेयजल, शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये.पंचायतों में प्राप्त आवेदनों के आधार पर जन शिकायतों का निवारण किया जायेगा. उप विकास आयुक्त/अपर समाहर्ता तथा अनुमंडल पदाधिकारी स्तर के अधिकारियों को पंचायत का नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है.पंचायत सहयोग शिविर की तिथि से 30 दिन पूर्व ही पंचायत कार्यालय में आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है.
शिविर में आम जनों की हर प्रकार की शिकायत एवं परिवाद सुने जा रहे हैं और उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा.