जोगबनी-पूर्णिया रेलखंड पर मृत पाये गये बच्चों के मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग

जोगबनी-पूर्णिया रेलखंड पर जवनपुर के समीप बीते तीन अक्टूबर की अहले सुबह मृत पाये गये बच्चों के शोकाकुल परिजनों ने इंसाफ की गुहार लगायी है.

बनमनखी विधायक के संग मृतकों के परिजनों ने डीआइजी से लगायी गुहार

पूर्णिया. जोगबनी-पूर्णिया रेलखंड पर जवनपुर के समीप बीते तीन अक्टूबर की अहले सुबह मृत पाये गये बच्चों के शोकाकुल परिजनों ने इंसाफ की गुहार लगायी है. सोमवार को बनमनखी के विधायक कृष्ण कुमार ऋषि के नेतृत्व में शोकाकुल परिजन प्रक्षेत्र के डीआइजी से मुलाकात की. मृत बच्चों के पिता ने डीआइजी से कहा कि मुफस्सिल थाना अंतर्गत मखाना फोड़ी का काम करने के लिए ठेकेदार अमर कुमार उर्फ विशो सहनी द्वारा बहला फुसलाकर लाया गया था. इसके बाद ठेकेदार द्वारा बच्चों के साथ मारपीट की जाती थी और उससे हमलोगों को बात भी नहीं करने दिया जाता था. ठेकेदार द्वारा ले जाये गये पांच बच्चों में से चार बच्चों का शव कसबा थाना क्षेत्र के जवनपुर रेल गुमटी के पास से बरामद हुआ, जबकि एक बच्चा कुलदीप कुमार घायल अवस्था में बरामद हुआ. इसका इलाज जीएमसीएच पूर्णिया में चल रहा है. कहा कि बच्चों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से नहीं, बल्कि हत्या कर लाश जवनपुर रेलवे गुमटी के पास रख कर उसे दुर्घटना का रूप दिया गया प्रतीत होता है. ट्रेन की चपेट में आने से अगर बच्चों की मौत होती, तो उनकी लाश क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद होती, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है. परिजनों ने इस मामले क उच्चस्तरीय जांच की मांग की.

गौरतलब है कि बीते तीन अक्टूबर की अहले सुबह कसबा थाना क्षेत्र के जवनपुर स्थित पूर्णिया-जोगबनी रेल खंड पर चार बच्चों की मौत हो गयी थी. तब बताया गया था कि जोगबनी से पूर्णिया जंक्शन की ओर आ रहे वंदे भारत ट्रेन की चपेट में सभी बच्चे आ गये थे. मृतक बच्चों में जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र के चांदपुर भंगहा के राजेश ऋषिदेव का पुत्र जिगर कुमार, अनमोल ऋषिदेव का पुत्र सिंटू कुमार, ब्रह्मदेव ऋषिदेव का पुत्र श्याम सुंदर कुमार एवं राधेश्याम ऋषिदेव का पुत्र रोहित कुमार शामिल है. इस हादसे में इसी गांव के हरिनंदन ऋषिदेव का पुत्र कुलदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया.

पांच हजार रुपये महीना देने की बात पर ले गये थे ठेकेदार

मृतक श्याम सुंदर कुमार के पिता ब्रह्मदेव ऋषिदेव ने बताया कि ठेकेदार पांच हजार रुपये महीना देने की बात कह कर उसके बच्चे को घर से ले गया था. ठेकेदार ने कहा कि घर पर बच्चा खेलता रहता है, वहां भी जाकर खेलेगा. बच्चा बोला हमलोग ले जाते हैं, कुछ कमा कर देंगे तो घर खर्च में मदद होगी. मुझे पांच लड़की है. घटना के बाद ठेकेदार ने फोन किया कि बच्चे भाग गये हैं. हमलोगों को जानकारी नहीं थी कि बच्चों की मौत हो गयी है.उन्होंने ठेकेदार पर ही बच्चों की मौत का आरोप लगाया है.

दो बिंदू पर जांच के दिये हैं निर्देश : डीआइजी

डीआइजी प्रमोद कुमार मंडल ने बताया कि मृतक बच्चों के परिजनों की बात सुनी गयी. यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है. इस मामले में कसबा थाना में केस दर्ज हुआ है. घटना के संबंध में हमने दो बिंदुओं पर जांच करने का निर्देश दिया है. घटनास्थल से एक बच्चे का मोाबाइल बरामद हुआ है. इस मोबाइल नंबर से यह पता चलेगा कि बच्चे घटना से पहले कहा से कहां के लिए चले, कहां-कहां गये थे. उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो जायेगा कि बच्चों की मौत ट्रेन से कटने से हुई है या फिर पहले मौत हुई और बाद में ट्रेन से कटा. इन्हीं दो बिंदुओं पर एसपी एवं डीएसपी को जांच करने के लिए कहा है. वहीं मृतकों के परिजनों ने मुआवजे की बात तो यह जिला प्रशासन द्वारा निर्णय लिया जायेगा.

घटना की सत्यता की जांच हो : विधायक

मृतक बच्चों के परिजनों को साथ लेकर बनमनखी के विधायक कृष्ण कुमार ऋषि पहुंचे थे. उन्होंने डीआइजी से मिलने के बाद कहा कि घटना की सत्यता की जांच करने का अनुरोध किया गया है. बच्चे रेलवे ट्रैक पर किस प्रकार पहुंचे अगर ट्रेन आ रही थी तो बच्चे ट्रैक से क्यों नहीं भागे, वहीं रह गये. चारों बच्चों की लाश रेल ट्रैक पर एक ही जगह पाया गया. इन सब बिंदुओं पर डीआइजी से चर्चा हुई है. इसके अलावा बच्चे मजदूरी करने गये थे, वहां से क्यों भागे अगर भागा तो बनमनखी की ओर नहीं जाकर कसबा की ओर कैसे चले गये. उन्होंने कहा कि डीआइजी से सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच करने का निवेदन किया गया है, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ARUN KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >