केंद्र की मदद से बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा : नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि केंद्र की मदद से बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है.

पूरणदेवी की पावन धरती पर मुख्यमंत्री ने किया पीएम का अभिनंदन

जमकर की पीएम मोदी की तारीफ, कहा- बिहार के विकास में बड़ा योगदान

पूर्णिया. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि केंद्र की मदद से बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वे बिहार के लिए बहुत ज्यादा काम कर रहे हैं. आज यहां प्रधानमंत्री नगर विकास एवं बाढ़ नियंत्रण से संबंधित 12 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं. चार ट्रेनों को हरी झंडी दिखा कर विदा करने के साथ प्रधानमंत्री ने पूर्णिया एयरपोर्ट की भी सौगात दी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे बड़ी बात यह है कि केंद्रीय बजट से की घोषणाओं तथा सबसे बड़ी निवेश वाली थर्मल पावर परियोजना भी इसमें शामिल है. उन्होंने कहा कि 40 हजार करोड़ से अधिक की इन परियोजनाओं से बिहार को बहुत ज्यादा फायदा मिलनेवाला है.

मुख्यमंत्री श्री कुमार सोमवार को पूर्णिया के गुलाबबाग के समीप स्थित शीशाबाड़ी एसएसबी कैंप मैदान में आयोजित सभा में बोल रहे थे. इससे पहले उन्होंने पूर्णिया की धरती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नमन और अभिनंदन किया. इस मौके पर नयी घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद आनेवाले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा. बिहार की एनडीए सरकार की उपलब्धियों पर फोकस करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों ने पहले 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार शुरू किया था, जो बढ़कर 10 लाख नौकरी के साथ 39 लाख रोजगार हो गया. चुनाव से पहले यह आंकड़ा 50 लाख से ज्यादा हो जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि सबकी सुविधाओं को देखते हुए वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवाओं की पेंशन राशि 400 से बढ़ा कर 11 सौ कर दी गयी है. इसका फायदा एक करोड़ 13 लाख लोगों को मिल रहा है.

हम लोग मिलकर सारा काम कर रहे हैं, आगे भी करेंगे

जनसभा में जुटी अपार भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री कुमार ने एक के बाद एक कई योजनाओं को गिनाया. इन योजनाओं को लागू कराने में पीएम मोदी के योगदान को भी बताया. उन्होंने कहा कि आप जानते ही हैं बहुत सारा काम किया गया है. हर घर बिजली दी गयी. उसके पैसे कम किये गये और फिर बिजली भी अब मुफ्त दी जा रही है. मुख्यमंत्री ने एनडीए की डबल इंजन की सरकार में किये गये तमाम विकास कार्यों को मंच से गिनाया और कहा कि हम लोग मिलकर यही सारा काम कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश के लिए कई अच्छे काम किये. उन्होंने धन्यवाद देते हुए जनसभा में आये लोगों से अपील की और कहा कि वे इन्हें याद जरूर रखें.

खड़े होकर आप सब करें इन्हें प्रणाम…

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के बढ़ते विकास में प्रधानमंत्री की अहम भूमिका है. जनसभा में आये लोगों से उन्होंने खड़ा होकर प्रणाम करने की अपील की और कहा कि वे बिहार को काफी मदद कर रहे हैं. जिस उत्साह से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह कहा, उसे देख खुद प्रधानमंत्री भी अपनी जगह से खड़े हो गये. उन्होंने जनता का अभिवादन स्वीकार किया. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति भी उन्होंने आभार प्रकट किया.

नीतीश कुमार का अंदाज देख गदगद हुए मोदी

सीएम नीतीश कुमार जब अपने भाषण को समाप्त कर रहे थे, तो उन्होंने जनसभा में आये लोगों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लिए काफी काम किया है. बिहार को काफी मदद किये हैं. इसके लिए सभी अपनी सीट से खड़े होकर उन्हें प्रणाम करें. वहीं जब पीएम नरेंद्र मोदी ने भाषण दिया, तो समापन के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की भी जमकर तारीफ की.

मोदी के प्रयास से यह पूरा हो पाया

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एयरपोर्ट की शुरुआत पर फोकस किया और कहा कि प्रधानमंत्री ने आज पूर्णिया हवाई अड्डे के नये टर्मिनल का उद्घाटन किया है. इसके बनने से सबके लिए देखिये, कितना फायदा हुआ है. अब लोग फ्लाइट से यहां आएंगे और यहां से बाहर जाएंगे. बहुत अच्छा हुआ यह काम. इसके लिए मैं बहुत पहले से प्रयास में था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से यह पूरा हो पाया.

अब इधर-उधर नहीं होगा

मुख्यमंत्री आज भी अपने जाने-माने अंदाज में भाषण दे रहे थे. उन्होंने कहा कि ‘आप जानते हैं, शुरू से बीजेपी और जेडीयू ने मिलकर एनडीए की सरकार बनायी. उसी में सब काम हुआ है, अरे बीच में थोड़ा बहुत इधर-उधर हो गया उसे छोड़ दीजिए. अब कोई सवाल ही पैदा नहीं होता है, अब हम लोग कोई चीज नहीं करेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MD. TAZIM

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >