– जिले के बनमनखी प्रखंड के धरहरा चौक पर एसडीओ ने की कार्रवाई प्रतिनिधि,बनमनखी. केमिकल से रंगकर सब्जी बेचने पर पूर्णिया में पहली बार प्रशासन की सख्ती दिखायी पड़ी है. मंगलवार को केमिकल से रंगकर भिंडी बेचने पर एक विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया गया. बनमनखी के अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने स्वयं यह कार्रवाई की है. जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बनमनखी मुख्यालय स्थित धरहरा चौक पर प्रमोद कुमार एनएचआई के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त साइट विजिट कर रहे थे. इसी क्रम में एसडीओ प्रमोद कुमार की नजर केमिकल से रंगी भिंडी बेच रहे व्यक्ति पर गयी. एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि जांच के दौरान यह पाया गया कि संबंधित विक्रेता भिंडी को अधिक आकर्षक बनाने के लिए उसमें केमिकल रंग का उपयोग कर रहा था, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है.कार्रवाई करते हुए विक्रेता को बनमनखी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला खाद्य पदाधिकारी से भी संपर्क किया गया. उन्होंने थानाध्यक्ष संजय कुमार को निर्देश दिया है कि पूरे मामले में विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
केमिकल से रंगे सब्जी बेचने पर प्रशासन सख्त, विक्रेता गिरफ्तार
जिले के बनमनखी प्रखंड के धरहरा चौक पर एसडीओ ने की कार्रवाई
