नौ से 14 वर्ष की छात्राओं की सूची होगी तैयार, सर्वाइकल कैंसर से बचाव का लगेगा टीका

सर्वाइकल कैंसर से बचाव का लगेगा टीका

प्रतिनिधि, अमौर (पूर्णिया). महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरसीसी भवन में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई. यह बैठक प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेंद्र राम और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एहतमामुल हक की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रखंड के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में छात्राओं के लिए आगामी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को सफल बनाना था. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एहतमामुल हक ने उपस्थित प्रधानाध्यापकों को संबोधित करते हुए कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह टीका एक सुरक्षा कवच की तरह है. बैठक में प्रखंड के विभिन्न संकुलों से आए प्रधानाध्यापकों को अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. कहा गया कि स्कूल स्तर पर अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित कर माता-पिता को इस टीके के महत्व के बारे में समझाना. निर्धारित आयु वर्ग 9 से 14 वर्ष की छात्राओं की सूची तैयार करना ताकि कोई भी योग्य छात्रा टीकाकरण से वंचित न रहे. टीकाकरण को लेकर समाज में फैली किसी भी प्रकार की भ्रांति को दूर करने में शिक्षकों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना है. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने सभी एचएम को निर्देश दिया कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ समन्वय स्थापित करें. उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर टीकाकरण शिविर आयोजित करने के लिए समुचित स्थान और सहयोग प्रदान करना अनिवार्य है, ताकि सुव्यवस्थित तरीके से अभियान को पूरा किया जा सके. डॉ एहतमामुल हक ने बताया कि एचपीवी टीका छोटी उम्र में दिए जाने पर सबसे प्रभावी होता है. भविष्य में कैंसर के जोखिम को कम करने के लिए सरकार का यह एक अत्यंत महत्वाकांक्षी कदम है. मौके पर अस्पताल प्रबंधक अनिल कुमार,बीसीएम मुकेश कुमार सहित सभी प्रधानाध्यापक मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek Bhaskar

Abhishek Bhaskar is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >