सिर पर ले जायी जा रही गठरी पर पुलिस को हुआ शक केनगर. केनगर थाना पुलिस ने रविवार को संध्या गश्ती के दौरान विदेशी शराब के साथ एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि रविवार को संध्या गश्ती के दौरान थाना क्षेत्र के ही बेला रिकावगंज पंचायत के बालू घाट बहियार के समीप एक युवक विभिन्न ब्रांड के विदेशी शराब बोरी में भरकर सिर पर लेकर मक्का खेत में छिपाने जा रहा था. जहां पुलिस वाहन को आता देख भागने का प्रयास किया. संदिग्ध दिखने पर साथ के सुरक्षा बलों के सहयोग से खदेड़ कर पकड़ लिया. बताया कि जब बंद बोरी की तलाशी ली गयी तो विभिन्न ब्रांड की 14.250 लीटर विदेशी शराब पायी गयी. उसे जब्त कर तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार शराब तस्कर थानाक्षेत्र के ही बेला रिकावगंज पंचायत के वार्ड संख्या 1 स्थित बेला गांव निवासी टुनटुन यादव है. उन्होंने बताया कि आवश्यक कार्रवाई करने के बाद सोमवार को गिरफ्तार शराब तस्करी करने वाले अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
गठरी से 14.250 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
केनगर थाना पुलिस ने रविवार को संध्या गश्ती के दौरान विदेशी शराब के साथ एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया.
