Prashant Kishor: जन सुराज नेता और पटना की बांकीपुर सीट से विधायक प्रशांत किशोर इन दिनों आभार यात्रा पर हैं. इस दौरान वह अलग-अलग इलाकों में लोगों से मिल रहे हैं, उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उन्हें भरोसा दिला रहे हैं कि उनकी परेशानियों को दूर करने की कोशिश होगी. शुक्रवार को वह वार्ड नंबर 17 समेत कई इलाकों में लोगों से मिले. इसी दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह को लेकर कई तीखी बातें कहीं.
जरूरत से ज्यादा बोलेंगे तो पूरी कुंडली जनता के सामने रखेंगे- प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने गिरिराज सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि बेगूसराय में कुशवाहा समाज के वोट को ध्यान में रखकर वह इन दिनों सम्राट चौधरी के समर्थन में बोलने की कोशिश कर रहे हैं. प्रशांत ने इसे जाति की राजनीति बताया.
उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति को समाज समझता है. गिरिराज सिंह पहले भी कई मुद्दों पर ऐसी बातें करते रहे हैं और लोग उन्हें नजरअंदाज करते हैं. प्रशांत किशोर ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर गिरिराज सिंह जरूरत से ज्यादा बोलेंगे तो उनकी पूरी कुंडली जनता के सामने रख दी जाएगी.
हिंदू-मुसलमान और टीका-टिक्की की बात करें तो अच्छा है
प्रशांत किशोर ने कहा कि गिरिराज सिंह अक्सर झटका मीट, हिंदू-मुसलमान, टीका और टिक्की जैसे मुद्दों पर बात करते हैं. ऐसे मुद्दों पर बोलना ही उनके लिए ठीक है. प्रशांत ने कहा कि किसी गंभीर मामले पर गिरिराज सिंह का बोलना उनकी समझ से सही नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि बेगूसराय की एक लड़की को होटल से जबरदस्ती ले जाने के मामले में गिरिराज सिंह ने कुछ नहीं कहा.
उन्होंने पटना में NEET छात्रा से रेप और हत्या के मामले का भी जिक्र किया और कहा कि इस मामले में भी गिरिराज सिंह की ओर से कोई आवाज नहीं उठाई गई.
टेक्सटाइल मंत्री होने पर भी PK ने उठाया सवाल
प्रशांत किशोर ने गिरिराज सिंह के केंद्रीय टेक्सटाइल मंत्री होने को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने बिहार में टेक्सटाइल से जुड़ी कोई फैक्ट्री लगाई है तो बताएं. उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री होने के बावजूद बिहार में इस क्षेत्र में कोई बड़ा काम नहीं हुआ. इसके बाद उन्होंने गिरिराज सिंह की उम्र का जिक्र करते हुए कहा कि अब उनका रिटायरमेंट का समय आ रहा है.
बिहार की शराबबंदी को बताया फर्जी
प्रशांत किशोर ने बिहार में बढ़ते सूखे नशे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बिहार में लागू शराबबंदी का मौजूदा कानून सही तरीके से काम नहीं कर रहा है. इसी वजह से सूखा नशा बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसकी समस्या और बड़ी हो सकती है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पुलिस और शराब माफिया पर भी लगाए आरोप
प्रशांत किशोर ने कहा कि शराबबंदी के बावजूद बिहार में शराब का अवैध कारोबार जारी है. उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों और शराब माफिया की वजह से घर-घर तक सूखा नशा पहुंच रहा है. अगर इस समस्या पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो इसका समाज पर बहुत बड़ा असर पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि शराबबंदी के नाम पर बनी मौजूदा व्यवस्था से नशे की समस्या खत्म होने के बजाय उसका रूप बदल रहा है और सूखे नशे का खतरा बढ़ रहा है.
इसे भी पढ़ें: Bihar Land Mutation: ऑनलाइन दाखिल-खारिज में कौन आगे और कौन पीछे, इन जिलों में रिजेक्शन रेट सबसे ज्यादा
बिहार के लोग ऐसे घटा सकते हैं अपना बिजली बिल, जानिए कैसे उठा सकेंगे फायदा
