Danapur Diyara Wild Boar Attack : दानापुर दियारा क्षेत्र में बाढ़ के पानी के बीच जंगली जानवरों का आतंक बढ़ गया है. अकिलपुर के दुधिया गांव में सोमवार को जंगली सुअर ने हमला कर प्रहलाद महतो और वैशाखी देवी को घायल कर दिया. घटना के बाद बाढ़ प्रभावित इलाके में ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है.
ग्रामीणों ने घेरकर जंगली सुअर को मार डाला
हमले के बाद ग्रामीणों ने जंगली सुअर को घेर लिया. इसके बाद उसे मार डाला गया. ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के कारण पूरा दियारा जलमग्न है, जिससे जंगली जानवर सुरक्षित जगह की तलाश में आबादी वाले इलाकों की ओर पहुंच रहे हैं.
स्कूल में चल रहा घायलों का इलाज
जंगली सुअर के हमले में घायल प्रहलाद महतो और वैशाखी देवी का इलाज उत्क्रमित मध्य विद्यालय में ग्रामीण चिकित्सक द्वारा किया जा रहा है. बाढ़ के कारण इलाके में स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचना भी ग्रामीणों के लिए चुनौती बना हुआ है.
ग्रामीणों का दावा, आधा दर्जन लोग हो चुके घायल
अकिलपुर मुखिया मिंता देवी के प्रतिनिधि वकील राय और पूर्व जिला पार्षद ओम प्रकाश यादव ने बताया कि बाढ़ प्रभावित दियारा क्षेत्र में जंगली सुअरों का आतंक बना हुआ है. उनके अनुसार, अब तक करीब आधा दर्जन लोगों पर जंगली सुअर हमला कर चुके हैं.
रविवार को रेस्क्यू करने पहुंची थी आठ सदस्यीय टीम
ग्रामीणों के अनुसार, जंगली सुअर को पकड़ने के लिए रविवार को पटना जू से आठ सदस्यीय टीम एसडीआरएफ के साथ दियारा क्षेत्र में पहुंची थी. टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन एक भी जंगली सुअर को पकड़ा नहीं जा सका. इसके अगले ही दिन दो लोगों पर हमला होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गयी है.
सुरक्षा के लिए प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग
लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के कारण पहले से ही आवागमन और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित है, ऐसे में जंगली जानवरों के हमले से परेशानी और बढ़ गयी है.
Also Read : पटना : नवोदय विद्यालय में 9वीं-11वीं में एडमिशन का मौका, 30 सितंबर तक आवेदन,10 अप्रैल को होगी परीक्षा
