Upendra Kushwaha: राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने शनिवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है. पार्टी संगठन को फिर से मजबूत करने और अंदरूनी कलह को शांत करने के लिए कुशवाहा ने अपनी टीम में 8 उपाध्यक्ष, 5 महासचिव और 6 सचिव नियुक्त किए हैं. आनंद माधव को प्रधान महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
बेटे के मंत्री पद पर संकट के बीच लिया बड़ा फैसला
उपेंद्र कुशवाहा का यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है. दरअसल, यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब उनके बेटे दीपक प्रकाश के बिहार सरकार में मंत्री पद को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. दीपक प्रकाश इस समय न तो बिहार विधानसभा के सदस्य हैं और न ही विधान परिषद के.
हाल ही में हुए विधान परिषद चुनाव में उन्हें एनडीए से टिकट नहीं मिल पाया था, जिसकी वजह से उनकी मंत्री की कुर्सी पर कानूनी संकट मंडरा रहा है. इसी बड़े सियासी तनाव के बीच कुशवाहा ने पार्टी के वरिष्ठ और नाराज चल रहे नेताओं को राष्ट्रीय समिति में जगह देकर एक तीर से दो निशाने साधे हैं.
डैमेज कंट्रोल की कोशिश, नाराज नेताओं को मनाया
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि साल 2023 में बनी राष्ट्रीय लोक मोर्चा में पिछले कुछ समय से कई नेता उपेक्षित महसूस कर रहे थे और उनके भीतर नाराजगी बढ़ती जा रही थी. उपेंद्र कुशवाहा ने इस नई राष्ट्रीय समिति में उन सभी चेहरों को शामिल कर डैमेज कंट्रोल करने की पूरी कोशिश की है ताकि आगामी चुनावों से पहले पार्टी के भीतर किसी भी तरह की बगावत को रोका जा सके. संगठन में सभी गुटों को साधते हुए एक संतुलित टीम तैयार की गई है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
जानें नई टीम में किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी
पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, विधायक माधव आनंद को प्रधान महासचिव की कमान मिली है. इसके साथ ही अरविंद कुमार वाजपेयी, विधायक रामेश्वर कुमार महतो, शंकर झा आजाद, मदन चौधरी, पृथ्वी राज यादव, भानु श्रीनिवासन, सीमा सक्सेना और अनिल सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है.
महासचिव पद की जिम्मेदारी फजल इमाम मल्लिक, राजीव कुमार जायसवाल, रेखा गुप्ता, अखिलेश सिंह और विमलेंदु शेखर सिंह उर्फ पप्पू सिंह को दी गई है. सचिव के रूप में योगेंद्र चौहान, रियाज अहमद, विराट कुशवाहा, रविंद्र राम, चितरंजन सिंह उर्फ झुन्ना सिंह और तारा श्वेता आर्या को टीम में शामिल किया गया है.
इसे भी पढ़ें: नीट परीक्षा से पहले बिहार EOU अलर्ट, 135 संदिग्धों पर नजर, फर्जी कॉल-मैसेज से रहें सावधान
बिहार में जमीन ट्रांसफर के नियमों में बड़ा बदलाव, डीएम और कमिश्नर की पावर बढ़ी, देखें नया आदेश
बिहार के शिक्षकों पर अब AI कैमरों की नजर, स्कूल बाउंड्री से बाहर जाते ही कटेगा वेतन
