TRE-4 पर पटना में बवाल: भर्ती मांग रहे अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, नए शिक्षा मंत्री बोले 'अब नहीं फंसेगा कोई काम'

BPSC TRE-4 : पटना में TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन उग्र हो गया. पुलिस ने लाठीचार्ज किया. उधर नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा- अब शिक्षा विभाग में कुछ नहीं फंसेगा. जानिए पटना की सड़कों पर क्‍या हुआ?

BPSC TRE-4 शिक्षक भर्ती बिहार : बिहार में सम्राट सरकार के कैबिनेट विस्तार (Samrat Cabinet Expansion) के ठीक अगले दिन शिक्षा से जुड़ी दो बिल्कुल अलग तस्वीरें सामने आईं हैं. एक तरफ नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पदभार संभालते ही शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की बात कही ओर लंबित भर्तियों को तेजी से पूरा करने का भी भरोसा दिलाया. वहीं दूसरे ही दिन TRE-4 के शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतर गए. राजधानी पटना की सड़कों पर TRE-4 के शिक्षक अभ्‍यर्थियों ने जमकर बवाल किया. लिहाजा अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया.

शिक्षा मंत्री का दावा- अब विभाग में कुछ नहीं फंसेगा

शुक्रवार को शिक्षा विभाग (Bihar Education Minister) का पदभार ग्रहण करने के बाद नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अधिकारियों के साथ शुरुआती बैठक की. उन्होंने साफ कहा कि विभाग में लंबित फाइलों और भर्ती प्रक्रियाओं को न रोका जाए. और लंबित फाइलों को जल्‍द निपटाया जाए. मिथिलेश तिवारी (Mithilesh Tiwari) ने कहा कि वह खुद शिक्षक रह चुके हैं, इसलिए उन्हें अभ्यर्थियों और शिक्षकों की समस्याओं की अच्छी समझ है. उन्होंने संकेत दिया कि TRE-4 भर्ती प्रक्रिया को लेकर जल्द बैठक होगी और अभ्यर्थियों की समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि विभाग में ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ लागू किया जाएगा ताकि फाइलें महीनों तक लंबित न रहें, काम तय समय सीमा में पूरा हो. मंत्री ने अधिकारियों को सीधे जवाबदेह बनाने की बात भी कही.

उधर सड़क पर फूटा अभ्यर्थियों का गुस्सा

शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बीच लंबे समय से Bihar Teacher Recruitment TRE-4 अभ्यर्थियों का दबा गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया. हजारों की संख्या में अभ्यर्थियों ने अभ्‍यर्थी पटना कॉलेज पहुंचे. यहां से जबरदस्‍त विरोध मार्च निकाला. छात्र नेता और प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास तक मार्च करना चाहते थे. मगर उन्‍हें रास्‍ते में रोक दिया गया. उनकी मांग थी कि TRE-4 का विज्ञापन सरकार की ओर से जल्‍द से जल्‍द जारी किया जाए. इसके अलावा छात्र नई नियमावली को वापस लेने की भी मांग कर रहे थे.

अभ्‍यर्थियों ने कहा, हमारा भविष्‍य अधर में लटका

इधर, आंदालन कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार लगातार शिक्षक भर्ती (TRE 4 Vacancy) प्रक्रिया में देरी कर रही है, जिससे बिहार के युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है. छात्रों का कहना है कि लंबे समय से भर्ती विज्ञापन का इंतजार किया जा रहा है लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई है.

बाकरगंज और जेपी गोलंबर पर टकराव

प्रदर्शनकारी जब बाकरगंज से होते हुए जेपी गोलंबर की ओर बढ़े, तो वहां पहले से भारी पुलिस बल तैनात था. जिसने छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया. इस दौरान अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच टकराव शुरू हो गया. नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हुई, स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज करना पड़ा. इस लाठीचार्ज में कई अभ्यर्थी घायल हुए हैं। महिला अभ्यर्थियों के भी चोटिल होने की सूचना सामने आई है. इस दौरान जेपी गोलंबर पर अफरातफरी मच गई. कई छात्रों को पुलिस ने हिरासत लिया और छात्रा नेता को भी वैन में बैठाकर ले गई.

नई नियमावली को लेकर भी नाराजगी

TRE-4 अभ्यर्थियों का विरोध सिर्फ भर्ती विज्ञापन तक सीमित नहीं है. छात्र BPSC की नई नियमावली (BPSC New Rules) का भी विरोध कर रहे हैं. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता दिलीप ने कहा कि नई व्यवस्था कई उम्मीदवारों के हितों के खिलाफ है और अगर सरकार ने जल्द फैसला नहीं लिया तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा.

कैबिनेट विस्तार के अगले दिन सरकार पर दबाव

सम्राट सरकार के कैबिनेट विस्तार के तुरंत बाद शिक्षा विभाग सबसे ज्यादा चर्चा में आ गया है. एक ओर नए मंत्री बदलाव और तेजी का संदेश दे रहे हैं, दूसरी ओर सड़कों पर उतरे अभ्यर्थी सरकार की तैयारी और मंशा पर सवाल खड़े कर रहे हैं. अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार TRE-4 भर्ती को लेकर कितनी जल्दी फैसला लेती है और क्या नए शिक्षा मंत्री का ‘अब कुछ नहीं फंसेगा’ वाला दावा जमीन पर उतर पाता है या नहीं.



Also Read : पटना की सड़क पर उतरे BPSC TRE-4 कैंडिडेट, नए शिक्षा मंत्री से बोले- जल्द एक्शन लें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Keshav Suman Singh

बिहार-झारखंड और दिल्ली के जाने-पहचाने पत्रकारों में से एक हैं। तीनों विधाओं (प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और वेब) में शानदार काम का करीब डेढ़ दशक से ज्‍यादा का अनुभव है। वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में बतौर डिजिटल हेड बिहार की भूमिका निभा रहे हैं। इससे पहले केशव नवभारतटाइम्‍स.कॉम बतौर असिसटेंट न्‍यूज एडिटर (बिहार/झारखंड), रिपब्लिक टीवी में बिहार-झारखंड बतौर हिंदी ब्यूरो पटना रहे। केशव पॉलिटिकल के अलावा बाढ़, दंगे, लाठीचार्ज और कठिन परिस्थितियों में शानदार टीवी प्रेजेंस के लिए जाने जाते हैं। जनसत्ता और दैनिक जागरण दिल्ली में कई पेज के इंचार्ज की भूमिका निभाई। झारखंड में आदिवासी और पर्यावरण रिपोर्टिंग से पहचान बनाई। केशव ने करियर की शुरुआत NDTV पटना से की थी।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >