Nishant Kumar : बिहार की नई सरकार में मंत्री बनने के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री Nitish Kumar के बेटे Nishant Kumar सियासी स्क्रीन पर आ गए हैं. अब उन पर सियासी हमले भी शुरू हो गए हैं. ताजा हमला कांग्रेस की ओर से हुआ है. कांग्रेस नेता BV Srinivas अपने एक्स हैंडल पर लगातार वीडियो पोस्ट कर रहे हैं. वो निशांत कुमार के बयान और बॉडी लैंग्वेज दोनों पर सवाल उठाए हैं.
‘Bihar के नए Health Minister’
दरअसल, गुरुवार को हुए भव्य शपथ ग्रहण समारोह में निशांत कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली थी. उन्हें स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. जिसके बाद बीवी श्रीनिवास की ओर से कल करीब 12 बजे एक वीडियो पोस्ट शेयर किया गया. इस पोस्ट में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को ‘असहज स्थिति’ में दिखाने की कोशिश की गई है. अपने पोस्ट में श्रीनिवासन ने लिखा – ‘Bihar के नए Health Minister’. इस वीडियो में निशांत के साथ संजय झा और जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी नजर आ रहे हैं.
कई वीडियो किए शेयर
जब से सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में बीजेपी और जेडीयू के गठबंधन वाली सरकार बनी है. तब से जेडीयू और बीजेपी नेता श्रीनिवास के निशाने पर हैं. आज भी गुजरात कांग्रेस के सह प्रभारी बीवी श्रीनिवास ने एक और वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक राष्ट्रीय न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू की 21 सेकेंड की क्लिप पोस्ट की गई है. इस वीडियो में निशांत कुमार चुनावी आंकड़ों को लेकर कथित रूप से फंसते नजर आ रहे हैं.
क्या बोले निशांत
वरिष्ठ पत्रकार के सवाल पर निशांत कुमार ने कहा – ‘जी हां, सबसे पहले तो बिहार की जनता को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं. उन्होंने 1925 के बिहार इलेक्शन में जेडीयू को 200 सीट से जितवाया. उनको बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं. फिर पिताजी के मार्गदर्शन में ही हम काम करेंगे.’ निशांत के इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा है और कांग्रेस उन पर हमलावर है.
आक्रामक डिजिटल रणनीति का हिस्सा?
माना जा रहा है कि निशांत पर कांग्रेस नेता का अटैक, पार्टी की आक्रामक डिजिटल रणनीति का हिस्सा है. वहीं, जेडीयू नेताओं का कहना है कि कांग्रेस चुनावी हार से निराश होकर इस तरह का दुष्प्रचार कर रही है. पार्टी नेताओं के मुताबिक विपक्ष मुद्दों की बजाय व्यक्तिगत हमलों का सहारा ले रहा है. बिहार में बीजेपी-जेडीयू गठबंधन की नई सरकार बनने के बाद से ही कांग्रेस लगातार सोशल मीडिया के जरिए सरकार और नए मंत्रियों को निशाना साध रही है. ऐसे में आने वाले दिनों में कांग्रेस और जेडीयू के बीच यह राजनीतिक वार-पलटवार और तेज होने की संभावना जताई जा रही है.
