संवाददाता,पटना
सड़क पर से अतिक्रमण हटाने गयी टीम को मीठापुर सब्जी मंडी में दुकानदारों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. सड़क किनारे कारोबार करनेवाले थोक विक्रेताओं को सामान हटाने के लिए कहने पर अभियान टीम में शामिल निगमकर्मियों के साथ कहासुनी हुई. लेकिन अतिक्रमण हटाने के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के होने के कारण लोग शांत हो गये. अभियान टीम के द्वारा मीठापुर सब्जी मंडी से होते हुए गया लाइन गुमटी तक सड़क पर जमे कारोबारियों को हटाया गया. इस दौरान आलू,प्याज सहित अन्य सब्जियों का थोक कारोबार करनेवाले पर जुर्माना भी लगाया गया. लगभग साढ़े तीन घंटे तक मीठापुर सब्जी मंडी इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई. खासकर मीठापुर पुल के सर्विस रोड में कारोबारियों द्वारा सड़क पर सामान रख कर बेचने से अक्सर जाम की समस्या रहती है. अभियान के दौरान ऐसे कारोबारियों से 61 हजार रुपया जुर्माना वसूल किया गया. अभियान टीम की कार्रवाई को देख ठेले पर कारोबार करनेवाले अपने सामान के साथ मुख्य मार्ग से हट कर गलियों में चले गये. वहीं पाटलिपुत्र अंचल में दीघा थाना से दीघा सब्जी मंडी होते हुए पुल तक सड़क के दोनों तरफ अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया. सड़क किनारे ठेला व तिरपाल के नीचे कारोबार करनेवाले को हटाते हुए दुबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गयी.अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर पुलिस बल की संख्या अधिक रही, ताकि किसी तरह के विरोध को रोका जा सके.अभियान टीम के द्वारा तीन स्टैंडनुमा बोर्ड, 10 बैनर, सब्जी दुकान, फल दुकानों को हटाया गया. एक लकड़ी का काउंटर जब्त किया गया. सड़क पर अतिक्रमण करनेवाले से 20 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
