Bihar New CM: बिहार की राजनीति में आज एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. नई सरकार के गठन की सुगबुगाहट के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. इसी बीच जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने नीतीश कुमार पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने कहा कि भगवान जाने उनके (नीतीश कुमार) मन में क्या चल रहा है. दुनिया में लोग कुर्सी पाने के लिए परेशान रहते हैं, लेकिन यहां तो वे कुर्सी छोड़कर भाग रहे हैं. उनके इस बयान ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है.
अगले मुख्यमंत्री पर ‘रामजी’ वाला बयान
जब पत्रकारों ने उनसे बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने किसी नेता का नाम लेने के बजाय कहा कि अगले मुख्यमंत्री रामजी होंगे. तेज प्रताप के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
बयान के कई मायने, सियासत में नई बहस
तेज प्रताप यादव के ‘रामजी’ वाले बयान को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं. कुछ लोग इसे भाजपा की ‘राम’ राजनीति पर तंज मान रहे हैं, तो कुछ इसे उनके अलग अंदाज की प्रतिक्रिया बता रहे हैं.
नीतीश की विदाई पर ‘पार्टी’ देने की बात
तेज प्रताप यादव ने नीतीश कुमार के लंबे कार्यकाल के खत्म होने पर मजाकिया लहजे में कहा कि उनकी विदाई पर वे पार्टी देंगे. उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर भी तेजी से जगह बना ली है.
सियासी हलचल के बीच जनता में बढ़ी उत्सुकता
एक ओर जहां भाजपा अपने मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर तैयारी में है, वहीं तेज प्रताप यादव के बयान ने सियासी माहौल को और दिलचस्प बना दिया है. फिलहाल पूरे बिहार की नजरें नए मुख्यमंत्री के ऐलान पर टिकी हुई हैं.
Also Read: नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद भावुक हुए मंत्री, बोले- बिहार के लिए ऐतिहासिक और यादगार पल
