Raushan Anand: बेऊर जेल से बाहर आने के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के निदेशक रौशन आनंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई बड़े आरोप लगाए. मीडिया से बातचीत के दौरान वह भावुक हो गए और कैमरे के सामने रोने लगे. उन्होंने कहा कि उनके साथ साजिश की गई और उनके भाई प्रिंस यादव की मौत भी इसी साजिश का हिस्सा है.
रौशन आनंद ने दावा किया कि जेल के अंदर उन्हें मारने की योजना बनाई जा रही थी. 13 तारीख को खान सर के एक गार्ड ने उन पर दबाव बनाया था और कहा था कि मामला मैनेज कर लीजिए, नहीं तो अंजाम अच्छा नहीं होगा. रौशन आनंद ने कहा कि उसी दिन रात में उनके भाई प्रिंस यादव की मौत हो गई. उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को साजिश का हिस्सा बताया और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की.
जेल से निकलते ही कोचिंग पहुंचे, छात्रों ने किया समर्थन
जेल से रिहा होने के बाद रौशन आनंद सीधे अपने कोचिंग सेंटर पहुंचे. वहां पहले से बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे. उनके पहुंचते ही छात्रों ने उनके समर्थन में नारे लगाए. इस दौरान कुछ छात्रों ने खान सर के खिलाफ भी नारेबाजी की. रौशन आनंद ने छात्रों और मीडिया के सामने कहा कि उनके खिलाफ सुनियोजित तरीके से कार्रवाई कराई गई और उन्हें फंसाया गया.
गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर उठाए सवाल
रौशन आनंद ने पटना पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बिना पूरी जांच के उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने पूछा कि आखिर किसके दबाव में उनकी गिरफ्तारी हुई. साथ ही यह भी कहा कि जब फैजल खान के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था, तब पुलिस के पास कार्रवाई करने के लिए पर्याप्त समय था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया.
भाई की मौत को लेकर लगाए गंभीर आरोप
रौशन आनंद ने अपने भाई प्रिंस यादव की मौत को लेकर भी कई आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि उनके भाई की मौत स्वाभाविक नहीं थी और पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि उनका भाई पूरी तरह स्वस्थ था और उसे कोई गंभीर बीमारी नहीं थी. इसलिए बीमारी से मौत की बात पर उन्हें भरोसा नहीं है.
किसान कोल्ड स्टोरेज और फैजल खान पर निशाना
रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक और उनके परिवार को लाभ पहुंचाया गया. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में आर्थिक लेन-देन और अन्य पहलुओं की भी जांच होनी चाहिए. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इतनी बड़ी मात्रा में पैसा कहां से आया और इसकी जांच एजेंसियों को करनी चाहिए.
रौशन आनंद ने केंद्र सरकार और बिहार सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि उनके भाई की मौत की जांच CBI से कराई जानी चाहिए. साथ ही उन्होंने प्रिंस यादव के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की भी मांग उठाई. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच से ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
नेताओं के संरक्षण का भी लगाया आरोप
रौशन आनंद ने दावा किया कि फैजल खान को कुछ प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त है. इसी वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है. उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण जांच प्रभावित हो रही है.
रौशन आनंद ने कहा कि उन्होंने अपने भाई को खो दिया है और यह दर्द कभी कम नहीं होगा. उन्होंने कहा कि वह अपने भाई को न्याय दिलाने के लिए अंतिम सांस तक लड़ाई लड़ेंगे.
इसे भी पढ़ें: ‘खान सर ने भाई को मरवाया और मुझे जेल में खत्म करना चाहते थे’, रौशन आनंद का प्रभात खबर पर बड़ा खुलासा
