रक्षाबंधन पर बाजार से लौट रहे थे तीन किशोर, तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक में घुसी; एक की मौत, दो घायल

पालीगंज में रक्षाबंधन के दिन एक भीषण सड़क हादसा हुआ. बाजार से घर लौट रहे तीन किशोरों की बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. इस हादसे में 13 वर्षीय उत्कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

Patna Road Accident : पालीगंज रक्षाबंधन के दिन बाजार से घर लौट रहे तीन किशोरों की बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकरायी. हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार 13 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना शुक्रवार को पालीगंज थाना क्षेत्र के खनपुरा-पालीगंज पथ पर रामपुर नगवा मोड़ के पास हुई.

बाजार से घर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार तीनों किशोर रक्षाबंधन पर्व पर पालीगंज बाजार गये थे. बाजार से बाइक पर सवार होकर तीनों अपने गांव की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान रामपुर नगवा गांव के पास सड़क किनारे पहले से खड़े ट्रक में बाइक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों किशोर सड़क पर जा गिरे. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गयी और सड़क पर खून बिखर गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को उठाकर अस्पताल भेजने की व्यवस्था की.

13 वर्षीय उत्कर्ष की मौके पर मौत

हादसे में जहानाबाद जिले के मखदुमपुर गांव निवासी रजनीश कुमार के 13 वर्षीय पुत्र उत्कर्ष राज की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं खनपुरा गांव निवासी रणजीत शर्मा का 18 वर्षीय पुत्र रवि कुमार और धर्मेंद्र शर्मा का 15 वर्षीय पुत्र रौनक राज घायल हो गये.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पालीगंज अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया.

दोनों घायलों को पीएमसीएच किया गया रेफर

हादसे में घायल रवि कुमार और रौनक राज को स्थानीय लोगों की मदद से पालीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.

पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतक और घायलों के परिजनों को दे दी है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

पुलिस बोली- मामले की जांच जारी

पालीगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि रामपुर नगवा मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में बाइक सवार किशोरों ने पीछे से टक्कर मार दी है. हादसे में एक किशोर की मौत हुई है, जबकि दो घायल हैं.

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सिकंदर कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >