संवाददाता, पटना बीते दिनों आयी तेज आंधी और बारिश ने राज्य के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति को बाधित कर दिया है. इसके चलते टूटे तार, गिरे खंभे और क्षतिग्रस्त ढांचे की मरम्मत के लिए ऊर्जा विभाग में हलचल तेज हो गयी है. शनिवार को ऊर्जा सचिव सह बीएसपीएचसीएल के प्रमुख पंकज पाल ने इसकी समीक्षा करते हुए कहा कि बिजली बहाली के लिए तुरंत असरदार योजना तैयार की जाए, जिसमें हर बिजली लाइन की मरम्मत में लगने वाला औसत समय और काम करने वाले कुशल लोगों की उपलब्धता का खास ध्यान रखा जाए. इसके लिए काम देने वाली एजेंसियों की सूची भी जल्द तय की जाए. मुख्यालय इस पर जल्द ही साफ दिशा-निर्देश जारी करेगा.बैठक में दक्षिण और उत्तर बिहार बिजली कंपनी के प्रबंध निदेशक, मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, राजस्व से जुड़े पदाधिकारी और फील्ड से अधीक्षण अभियंता व कार्यपालक अभियंता आॅनलाइन जुड़े थे. ऊर्जा सचिव ने कहा कि हर इलाके में बिजली की जल्दी मरम्मत के लिए असरदार योजना बनाकर काम शुरू किया जाए. इसके लिए हर फीडर की बहाली में लगने वाले औसत समय और जरूरत के हिसाब से कामगारों की उपलब्धता तय की जाए. एजेंसियों की सूची तैयार कर ली जाए, जिन्हें इस काम में लगाया जा सके. जल्द ही मुख्यालय से इस काम के लिए आसान और साफ हिदायतें जारी की जायेंगी. ऊर्जा सचिव ने कहा कि इन कामों की लगातार निगरानी भी होनी चाहिए. साथ ही, ट्रांसफाॅर्मर, खंभे, तार जैसे जरूरी सामान भरपूर मात्रा में तैयार रखे जाएं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
