JDU ऑफिस पहुंचे नीतीश कुमार, 10 मिनट तक पार्टी नेताओं से मिले, दिए ये 5 संदेश

Bihar Politics: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जेडीयू ऑफिस पहुंचे. भामाशाह जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. पार्टी ऑफिस में आयोजित कार्यक्रम में वह 10 मिनट तक रहे. इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं से मुलाकात की.

Bihar Politics: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार आज जेडीयू ऑफिस पहुंचे. यहां उन्होंने पार्टी नेताओं से मुलाकात की और कार्यक्रम का हिस्सा बने. जेडीयू ऑफिस में भामाशाह जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव, पूर्व मंत्री लेसी सिंह, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, रत्नेश सदा समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे.

जेडीयू ऑफिस में कार्यक्रम के बीच क्या-क्या हुआ?

जानकारी के मुताबिक, जेडीयू ऑफिस में नीतीश कुमार लगभग 10 मिनट तक रहे. नीतीश कुमार के पार्टी ऑफिस पहुंचते ही नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. इस दौरान नीतीश कुमार खुद पर बने गाने पर मुस्कुराते दिखे. उन्होंने ताली भी बजाई और पार्टी के नेताओं से मुलाकात की. कार्यक्रम के दौरान जेडीयू ऑफिस में कार्यकर्ताओं को पंपलेट भी बांटा गया. इसमें भामाशाह का परिचय और नीतीश कुमार के संदेश के बारे में जिक्र किया गया.

नीतीश कुमार के 5 संदेश क्या हैं?

  • मैं काम करता हूं, मेरा काम ही बोलता है.
  • राजनीति सेवा के लिए है, मेवा के लिए नहीं.
  • न्याय के साथ विकास यानि हर क्षेत्र और हर तबके का विकास.
  • आधे मन से कोई बड़ा काम नहीं होता.
  • बिहार को मैं उस ऊंचाई पर ले जाना चाहता हूं, जहां से चाहकर भी कोई नीचे ना ला सके.

कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने क्या कहा?

जेडीयू ऑफिस में कार्यक्रम के बाद बाहर निकलने पर डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा, पार्टी के व्यवसायिक प्रकोष्ठ की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, उसी में भाग लेने नीतीश कुमार आए थे. वो पार्टी दफ्तर आते रहते हैं और कार्यकर्ताओं से मिलते रहते हैं. नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद पहली बार जेडीयू ऑफिस पहुंचे थे, जिसकी वजह से नेताओं के बीच उत्साह दिखा.

Also Read: बिहार में एक और अपराधी का एनकाउंटर, सुनसान पड़े राइस मिल के पास पुलिस ने मारी गोली

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >