Samrat Choudhary: बिहार में नई सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है. बुधवार को सम्राट चौधरी ने बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. उनके साथ जेडीयू नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली.
पीएम मोदी ने X पर क्या लिखा
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सम्राट चौधरी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके पास ऊर्जा, जनसेवा का जज्बा और जमीन से जुड़ा अनुभव है. पीएम ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार जनता की उम्मीदों को पूरा करेगा और विकास के नए मुकाम हासिल करेगा.
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि सम्राट चौधरी का नेतृत्व राज्य के लिए बहुत उपयोगी साबित होगा. उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार चौतरफा विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा और लोगों की आकांक्षाएं पूरी होंगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पीएम ने दोनों डिप्टी सीएम को भी दी बधाई
प्रधानमंत्री ने दोनों नए डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव को भी बधाई दी. उन्होंने कहा कि इन दोनों नेताओं का लंबा राजनीतिक अनुभव और जनहित के प्रति समर्पण बिहार के विकास को नई रफ्तार देगा. पीएम ने यह भी कहा कि इनके काम से राज्य में सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के नए मानक स्थापित होंगे.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन ने भी सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सम्राट चौधरी ‘विकसित भारत, विकसित बिहार’ के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे. उन्होंने सम्राट चौधरी के सफल कार्यकाल की कामना की.
नितीन नवीन ने विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव को भी डिप्टी सीएम बनने पर बधाई दी और कहा कि नई टीम बिहार को नई दिशा देगी.
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में सत्ता परिवर्तन हुआ है. बुधवार को राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई. इसके साथ ही नई सरकार ने कामकाज संभाल लिया है. बिहार की राजनीति में इसे बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: सत्ता छोड़ी पर सिद्धांत नहीं, जदयू नेता ने नीतीश कुमार के फैसले को बताया ऐतिहासिक
