पटना: बर्थडे पार्टी से लौट रहे शिक्षक को पिस्टल दिखाकर लूटा, पुलिस की गाड़ी समझ बाइक छोड़ फरार

जहानाबाद से पटना लौट रहे एक सरकारी शिक्षक को धनरूआ के पास बदमाशों ने पिस्टल और चाकू के बल पर लूट लिया. विरोध करने पर फायरिंग भी हुई, लेकिन शिक्षक सुरक्षित बच गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Patna Crime News : मसौढ़ी में जहानाबाद से बर्थडे पार्टी में शामिल होकर देर रात बाइक से घर लौट रहे सरकारी शिक्षक को धनरूआ थाना क्षेत्र के भाईपुर मोड़ के पास हथियारबंद बदमाशों ने घेर लिया. बदमाशों ने पिस्टल और चाकू के बल पर शिक्षक से बाइक, रुपये, मोबाइल, बैग समेत अन्य सामान लूट लिया. विरोध पर फायरिंग किए जाने का भी आरोप है, जिसमें शिक्षक बाल-बाल बच गए. लूटपाट के बाद बदमाश बाइक लेकर भागे, लेकिन कुछ दूर आगे सामने से आ रही पिकअप को पुलिस की गाड़ी समझकर लूटी गई बाइक सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गए.

8-10 बदमाशों ने बाइक रोककर बनाया निशाना

पीड़ित शिक्षक की पहचान धनरूआ के बहरामपुर ओपी क्षेत्र के बहरामपुर गांव निवासी नीरज कुमार के रूप में हुई है. वह जहानाबाद जिले के बंधुगंज स्थित सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं. शिक्षक के अनुसार, वह जहानाबाद से बाइक से अपने घर बहरामपुर लौट रहे थे. इसी दौरान भाईपुर मोड़ के पास 8-10 की संख्या में बदमाशों ने उन्हें घेर लिया.

चेहरे पर गमछा, हाथ में पिस्टल और चाकू

शिक्षक ने बताया कि सभी बदमाशों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे. उनके पास पिस्टल और चाकू थे. बदमाशों ने मारपीट करते हुए बाइक, रुपये, मोबाइल, बैग और अन्य सामान छीन लिया. विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग भी की. हालांकि, गोलीबारी में शिक्षक बाल-बाल बच गए.

सामने पिकअप आते ही बदमाशों को पुलिस का हुआ शक

लूटपाट के बाद बदमाश शिक्षक की बाइक लेकर कुछ दूर तक आगे बढ़े. इसी दौरान सामने से एक पिकअप वाहन आता दिखाई दिया. बदमाशों को आशंका हुई कि पुलिस की गाड़ी आ रही है. इसके बाद वे लूटी गई बाइक सड़क पर ही छोड़कर भाग निकले.

बाद में पुलिस ने बाइक बरामद कर ली, लेकिन शिक्षक का बैग, उसमें रखे कपड़े और अन्य सामान बदमाश अपने साथ ले जाने में सफल रहे.

डायल-112 पर सूचना, पुलिस ने शुरू की छानबीन

घटना के तुरंत बाद शिक्षक ने डायल-112 पर सूचना दी और अपने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की छानबीन की. आसपास के इलाकों में बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

मामले में धनरूआ थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कन्हैया सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. आसपास के संभावित स्थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >