Patna Rain Update : हरतालिका तीज के दिन सोमवार को राजधानी पटना में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. करीब 10:45 बजे अचानक बारिश शुरू हो गयी. देखते ही देखते पाटलिपुत्र कॉलोनी, इंदपुरी, राजीव नगर, दीघा समेत पटना के कई इलाकों में झमाझम बारिश होने लगी. बारिश शुरू होते ही सड़क पर आवाजाही कर रहे लोगों को भीगने से बचने के लिए ठिकाना तलाशना पड़ा.
झमाझम बारिश से गर्मी और उमस से मिली राहत
पिछले दिनों से गर्मी और उमस झेल रहे पटना के लोगों को अचानक हुई बारिश से बड़ी राहत मिली. बारिश के साथ मौसम ठंडा हुआ और हवा चलने से वातावरण खुशनुमा हो गया. तीज के दिन मौसम में आए इस बदलाव से व्रती महिलाओं और शहरवासियों को भी गर्मी से राहत मिली.
कई इलाकों में अचानक बदला मौसम
सुबह के समय मौसम सामान्य रहने के बाद करीब 10:45 बजे अचानक बारिश शुरू होने से लोगों को मौसम के बदलाव का अंदाजा नहीं था. पाटलिपुत्र कॉलोनी, इंद्रपुरी, राजीव नगर और दीघा सहित कई इलाकों में बारिश हुई. शहर के दूसरे हिस्सों में भी बादल छाए रहने से आगे बारिश की संभावना बनी हुई है.
तीज की खरीदारी के बीच बारिश ने रोका रास्ता
हरतालिका तीज को लेकर बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल थी. कई लोग पूजा सामग्री और फल-सब्जियों की खरीदारी के लिए घर से निकले थे. अचानक बारिश शुरू होने से कुछ देर के लिए लोगों की परेशानी बढ़ गयी. हालांकि गर्मी से राहत मिलने के कारण बारिश को लेकर लोगों में राहत का भाव भी दिखा.
मौसम विभाग ने 9 जिलों के लिए जारी की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 10:45 बजे तत्काल मौसम चेतावनी जारी की है. इसके अनुसार भोजपुर, गया, जमुई, लखीसराय, नालंदा, नवादा, पटना, सारण और शेखपुरा जिले के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन घंटे के दौरान मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
59 प्रखंडों में मौसम खराब होने की संभावना
मौसम विभाग के बुलेटिन में आठ जिलों के कुल 59 प्रखंडों को प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया गया है. इनमें गया के 15, जमुई के 6, नवादा के 14, नालंदा के 7, भोजपुर के 2, लखीसराय के 7, शेखपुरा के 6 और सारण के 2 प्रखंड शामिल हैं.
नवादा के सभी 14 प्रखंडों में चेतावनी
बुलेटिन के अनुसार नवादा जिले के सभी 14 प्रखंड प्रभावित क्षेत्र में हैं. इनमें अकबरपुर, काशीचक, कौआकोल, गोविंदपुर, नरहट, नवादा, नारदीगंज, पकरीबरावां, मेसकौर, रजौली, रोह, वारिसलीगंज, सिरदला और हिसुआ शामिल हैं.
लखीसराय और शेखपुरा के सभी चिह्नित प्रखंड प्रभावित
लखीसराय के सभी सात प्रखंडों को चेतावनी वाले क्षेत्र में रखा गया है. इनमें चानन, पिपरिया, बड़हिया, रामगढ़ चौक, लखीसराय, सूर्यगढ़ा और हलसी शामिल हैं. शेखपुरा के सभी छह प्रखंडों में अरियरी, घाट कुसुंभा, चेवाड़ा, बरबीघा, शेखपुरा और शेखोपुर सराय शामिल हैं.
सारण में छपरा और रिविलगंज भी अलर्ट क्षेत्र में
सारण जिले में छपरा और रिविलगंज प्रखंड को प्रभावित क्षेत्र में रखा गया है. भोजपुर में कोईलवर और बड़हरा, जबकि नालंदा में अस्थावां, कतरीसराय, गिरियक, बिहारशरीफ, राजगीर, सरमेरा और सिलाव को चेतावनी वाले क्षेत्र में शामिल किया गया है.
Also Read : रिश्ता टूटा, आस्था नहीं, तलाक के बाद भी तीज का व्रत नहीं छोड़ रहीं पटना की महिलाएं, भावुक कर देगी कहानी
