बिहार बोर्ड में सिंगल विंडो प्रणाली शुरू, विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को मिलेगी बड़ी राहत

Patna News: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बुधवार से सिंगल विंडो प्रणाली की शुरुआत कर दी.

Patna News: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बुधवार से सिंगल विंडो प्रणाली की शुरुआत कर दी. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने समिति के मुख्य भवन और बुद्ध मार्ग स्थित अकादमिक भवन में पूछताछ-सह-शिकायत निवारण केंद्र का उद्घाटन किया.

शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए पूछताछ

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने ऑनलाइन शिकायत निवारण पोर्टल भी लॉन्च किया. अब विद्यार्थी और अभिभावक अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे तथा उसकी स्थिति को ट्रैक भी कर पाएंगे. शिकायतों के समाधान के बाद संबंधित आवेदक को एसएमएस और पोर्टल के माध्यम से सूचना उपलब्ध कराई जाएगी.

लोगों को नहीं लगाने पड़ेंगे कार्यालयों के चक्कर, सह-शिकायत निवारण केंद्र का उद्घाटन

शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही विद्यार्थियों और आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया था. बिहार बोर्ड द्वारा शुरू की गई यह नई व्यवस्था आमजनों को बड़ी राहत देगी और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेगी.

उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रशासन अधिक पारदर्शी और जनहितकारी बनेगा। सेवाओं और प्रक्रियाओं में तेजी आएगी तथा लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.

दोनों केंद्रों में बनाए गए पांच-पांच काउंटर

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि दोनों केंद्रों में पांच-पांच काउंटर बनाए गए हैं. इन काउंटरों पर मैट्रिक, इंटर, एसटीईटी और अन्य परीक्षाओं से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई और पंजीकरण किया जाएगा.

प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक रेफरेंस नंबर दिया जाएगा. संबंधित अधिकारी को शिकायत ऑनलाइन भेजी जाएगी और आवेदक पोर्टल के माध्यम से उसकी स्थिति देख सकेंगे.

नई व्यवस्था से होगी पारदर्शिता और त्वरित समाधान

आनंद किशोर ने कहा कि मुख्य भवन और अकादमिक भवन दोनों में पूछताछ-सह-शिकायत निवारण केंद्र स्थापित किए गए हैं. नई व्यवस्था के तहत शिकायतों का त्वरित समाधान, ऑनलाइन मॉनिटरिंग, पारदर्शी प्रक्रिया और एक ही स्थान पर सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

उन्होंने कहा कि इससे परीक्षा और प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आएगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। सभी काउंटरों पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निवारण किया जाएगा।

पांचों काउंटरों की जिम्मेदारी

काउंटर नंबर 1

मैट्रिक परीक्षा और कंपार्टमेंटल परीक्षाओं से संबंधित सभी मामलों की सुनवाई की जाएगी.

काउंटर नंबर 2

उच्च माध्यमिक (इंटर) परीक्षा, इंटर वार्षिक एवं कंपार्टमेंटल परीक्षा तथा रजिस्ट्रेशन से जुड़े मामलों का निपटारा किया जाएगा.

काउंटर नंबर 3

समिति द्वारा आयोजित विभिन्न परीक्षाओं जैसे एसटीईटी, डीएलएड, आईटीआई, सक्षमता परीक्षा और सिमुलतला प्रवेश परीक्षा से संबंधित शिकायतों की सुनवाई होगी.

काउंटर नंबर 4

विद्यालय, प्लस-2 विद्यालय, डीएलएड संबद्धता तथा छात्रवृत्ति से संबंधित मामलों का समाधान किया जाएगा.

काउंटर नंबर 5

समिति से संबंधित अन्य सभी मामलों, पदाधिकारियों से जुड़ी शिकायतों तथा पेंशन आदि मामलों की सुनवाई इस काउंटर पर की जाएगी.

ALSO READ: Patna बाजार भाव: जानिए आज के Wholesale Market Rates (किराना, अनाज और खाद्य तेल)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Karuna Tiwari

करुणा तिवारी बिहार के आरा, वीर कुंवर सिंह की धरती से आती हैं। उन्होंने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की। 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है। अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं, ताकि सशक्त और प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से समाज तक सच्चाई पहुंचा सकें।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >