Patna News: (मोनू मिश्रा की रिपोर्ट) पटना जिले के बिहटा स्थित आईआईटी अम्हारा थाना क्षेत्र के लई बाजार में फायरिंग और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी के पास से हथियार और कारतूस सहित घटना में प्रयुक्त लग्जरी कार भी बरामद की गई है.
तिलक समारोह में जा रहे युवक के साथ की मारपीट और फायरिंग
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रानीतालाब थाना क्षेत्र के निसरपुरा गांव निवासी 45 वर्षीय विजेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार बीती रात लई बाजार के पास तिलक समारोह में जा रहे अमित कुमार नामक युवक के साथ आरोपी ने पहले मारपीट की और फिर फायरिंग कर दी. इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित ने आईआईटी अम्हारा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
हथियार, कारतूस और लग्जरी कार जब्त
थानाध्यक्ष रौशन कुमार राज ने बताया कि घटनास्थल से दो गोली के खोखा बरामद किए गए हैं. वहीं आरोपी के पास से एक राइफल, 11 जिंदा कारतूस और एक लग्जरी कार जब्त की गई है. पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है.
ALSO READ: पटना के नेउरा में ठनका से किशोर की मौत, परिवार को मिला चार लाख का मुआवजा
