Patna News : राजधानी में आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पटना नगर निगम चार नए आधुनिक सामुदायिक भवनों का निर्माण करा रहा है. वहीं वार्ड 10 में एक और सामुदायिक भवन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है, जिसे निगम से स्वीकृति मिल चुकी है. इन भवनों में से तीन में सामुदायिक हॉल के साथ अंचल कार्यालय भी संचालित किए जाएंगे.
तीन प्रमुख स्थानों पर बन रहे बहुमंजिला भवन
नगर निगम के अनुसार नूतन राजधानी अंचल में श्रीकृष्णापुरी पार्क के पास बिजली कार्यालय के निकट करीब 14.87 करोड़ रुपये की लागत से चार मंजिला भवन बनाया जा रहा है. इसके अलावा बांकीपुर अंचल के वार्ड 36 स्थित वैशाली गोलंबर और कंकड़बाग अंचल के वार्ड 34 में गायत्री मंदिर के पास करीब 14.51-14.51 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला भवनों का निर्माण जारी है. इन भवनों में संबंधित अंचल कार्यालय भी स्थानांतरित किए जाएंगे.
हाईटेक सुविधाओं के साथ बढ़ सकता है बुकिंग शुल्क
नए सामुदायिक भवनों में लिफ्ट, दो-दो सीढ़ियां, सेंट्रलाइज्ड एसी सिस्टम और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. नगर निगम का कहना है कि इन सुविधाओं के रखरखाव और बिजली खर्च को देखते हुए सामुदायिक भवनों की बुकिंग फीस बढ़ाई जा सकती है.
फिलहाल एक दिन की बुकिंग का शुल्क 2500 रुपये
वर्तमान में पटना नगर निगम क्षेत्र में 12 से 14 सामुदायिक भवन संचालित हैं. एक दिन के लिए भवन की बुकिंग पर करीब 2500 रुपये शुल्क लिया जाता है, जबकि लगभग 1000 रुपये बिजली शुल्क अलग से देना होता है. बुकिंग के लिए संबंधित वार्ड पार्षद की अनुशंसा के बाद कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देना होता है. फिलहाल अधिकतम तीन दिनों तक बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है.
बेसमेंट में पार्किंग, ऊपर चलेंगे अंचल कार्यालय
नए भवनों के बेसमेंट में वाहन पार्किंग की सुविधा होगी. ग्राउंड और शुरुआती मंजिलों पर सामुदायिक हॉल बनाए जाएंगे, जिनका उपयोग शादी और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए किया जा सकेगा. वहीं ऊपरी मंजिलों पर बांकीपुर, कंकड़बाग और नूतन राजधानी अंचल के कार्यालय संचालित होंगे. नगर निगम का मानना है कि इससे आम लोगों को एक ही परिसर में कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
