Patna Crime News: पटना के बुद्धा कॉलोनी क्षेत्र स्थित गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाली एक छात्रा ने तीन युवकों पर नशे की हालत में बदसलूकी और गंदा काम करने की आशंका जताते हुए मनेर/बुद्धा कॉलोनी पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पीड़िता के आवेदन पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इंद्रपुरी रोड नंबर 8 स्थित किराए के मकान से तीनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों में भागलपुर निवासी सौरभ कुमार झा व रोहन कुमार झा और कटिहार निवासी अमन कुमार शामिल हैं.
सामान लेने किराए के कमरे पर गई थी छात्रा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपी युवक इंद्रपुरी रोड नंबर 8 में किराए का मकान लेकर पढ़ाई करते हैं. छात्रा का वहां पहले से आना-जाना था और उसका कुछ सामान युवकों के कमरे पर छूट गया था. वह अपना वही सामान लेने के लिए उनके कमरे पर गई थी. आरोप है कि इसी दौरान युवकों द्वारा छात्रा को भांग का नशा दे दिया गया, जिससे वह बेसुध हो गई. होश में आने के बाद छात्रा ने थाने में आवेदन देकर आशंका जताई कि बेसुध होने के दौरान उसके साथ गलत काम या छेड़छाड़ की गई होगी.
पीड़िता ने मुख्य मेडिकल से किया इनकार, नशे व शारीरिक जांच पूरी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्रा का शारीरिक परीक्षण और नशे की जांच कराई. हालांकि, छात्रा ने दुष्कर्म (रेप) मामले में होने वाले औपचारिक मेडिकल परीक्षण से इनकार कर दिया. इसके साथ ही पुलिस ने गिरफ्तार तीनों युवकों का भी नशा जांच के लिए मेडिकल परीक्षण कराया है. पुलिस ने छात्रा के आवेदन के आधार पर लज्जा भंग करने, नशा खिलाने और अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूली नशा करने की बात
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि छात्रा पहले भी उनके कमरे पर आती-जाती थी और सामान लेने आई थी. आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोग नशा करते हैं और उस दिन भी उन्होंने भांग का सेवन किया था. उन्होंने बताया कि देर रात जब लड़की जाने लगी तो उन्होंने उसे जाने से रोका था.
छात्रा द्वारा नशे की स्थिति में छेड़छाड़ व गलत काम की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसी आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.- अर्जुन मंडल, प्रभारी थानाध्यक्ष, बुद्धा कॉलोनी थाना, पटना
