Patna News : बिहटा नगर परिषद के वार्ड 27 अंतर्गत सहवाजपुर बगीचा में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को सोमवार रात अज्ञात लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया. मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये और घटना को लेकर आक्रोश जताया.
प्रतिमा का सिर क्षतिग्रस्त मिलने से मचा हड़कंप
ग्रामीणों के अनुसार, असामाजिक तत्वों ने रात के अंधेरे में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का सिर क्षतिग्रस्त कर दिया. सुबह लोगों की नजर प्रतिमा पर पड़ी तो घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी गयी. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.
कई वर्षों से स्थापित है आंबेडकर की प्रतिमा
ग्रामीणों ने बताया कि सहवाजपुर बगीचा में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पिछले कई वर्षों से स्थापित है. नगर परिषद की ओर से प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण भी कराया गया है. ऐसे में प्रतिमा को नुकसान पहुंचाये जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है.
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों के साथ सदिसोपुर पंचायत के पूर्व मुखिया राजेश प्रसाद ने बिहटा थाने को दी. उन्होंने कहा कि प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने ऐसी घटना को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करने की बात कही.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने मंगलवार सुबह प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है.
घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण
घटना के बाद रमाकांत प्रसाद, संतोष राम, अमरजीत राम, गुड्डू राम, चांदेव राम, अशोक, सुरेंद्र प्रसाद यादव, माले नेता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की.
