NEET Re-Exam 2026: बिहार में रविवार को NEET-UG री-एग्जाम आयोजित किया जाएगा. राज्य के 35 शहरों में बनाए गए 331 परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,56,061 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. इनमें 81,165 छात्र और 74,896 छात्राएं हैं. पटना में सबसे अधिक 95 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. यहां 46,029 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे.
1:30 बजे तक मिलेगी एंट्री
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी. अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए दोपहर 1:30 बजे तक का समय दिया गया है. इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा. केंद्रों पर प्रवेश से पहले सघन जांच की जाएगी.
अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त बस सेवा
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए राज्य सरकार ने विशेष व्यवस्था की है. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की करीब 1500 बसों में अभ्यर्थी मुफ्त यात्रा कर सकेंगे. एसी, नॉन-एसी, डीलक्स, लग्जरी, इलेक्ट्रिक और पिंक बसों में सफर करने वाले छात्रों को केवल अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा. बस कंडक्टर उन्हें शून्य रुपए का टिकट जारी करेंगे. हालांकि साथ आने वाले अभिभावकों और परिजनों को सामान्य किराया देना होगा.
परीक्षा के दिन बंद रहेंगे कोचिंग संस्थान
परीक्षा को लेकर पटना जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. शहर के सभी कोचिंग संस्थानों को परीक्षा के दिन बंद रखने का निर्देश दिया गया है. जिलाधिकारी ने एसडीओ और एसडीपीओ को कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा है. किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई होगी.
सोशल मीडिया पर भी रहेगी कड़ी नजर
परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया की विशेष निगरानी की जाएगी. अफवाह फैलाने या परीक्षा को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से भ्रामक जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है.
अभिभावकों के लिए विशेष इंतजाम
सभी परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, प्राथमिक उपचार और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. अभिभावकों के लिए परीक्षा केंद्रों से 100 मीटर दूर छायादार प्रतीक्षा स्थल भी बनाए गए हैं, ताकि उन्हें गर्मी में परेशानी न हो.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
वायु सेना के विमान से पहुंचा था प्रश्नपत्र
री-एग्जाम के लिए प्रश्नपत्र 16 जून को वायु सेना के विशेष विमान से पटना एयरपोर्ट लाया गया था. इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रश्नपत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया. पटना के अलावा दरभंगा और गया में भी प्रश्नपत्र सुरक्षित पहुंचाए गए.
पेपर लीक के बाद हो रहा री-एग्जाम
बता दें कि NEET परीक्षा पहले 3 जून को आयोजित हुई थी. लेकिन पेपर लीक मामले के बाद प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया. इसी के तहत रविवार को री-एग्जाम कराया जा रहा है.
एक दिन पहले हुई थी मॉक ड्रिल
परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए शनिवार को राज्यभर के परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल कराई गई थी. पटना के कुम्हरार स्थित बापू परीक्षा परिसर समेत कई प्रमुख केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा सामग्री की डिलीवरी और अभ्यर्थियों की एंट्री प्रक्रिया का ट्रायल रन किया गया था. प्रशासन का दावा है कि इस बार परीक्षा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.
Also Read: बिहार में अगले 24 घंटे तक मौसम विभाग का डबल अलर्ट, कहीं लू का खतरा तो कहीं हो सकती है भारी बारिश
