मनोज झा बोले- पैलेट गन, किल वाली लाठी नहीं है तो मजा नहीं आएगा, तेजस्वी के साथ सड़क पर उतरा RJD का हुजूम

Tejashwi Yadav Rajbhawan March: पटना में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में RJD का राजभवन मार्च जारी है. मार्च में मनोज झा भी पहुंचे और पुलिस की भारी तैनाती पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि पैलेट गन और ‘किल वाली लाठी’ नहीं है तो मजा नहीं आएगा. उन्होंने बेहतर शिक्षा और रोजगार के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरा.

Tejashwi Yadav Rajbhawan March: पटना में छात्रों के मुद्दे और सीवान में प्रदर्शनकारियों पर AK-47 चलाने के आरोप को लेकर तेजस्वी यादव का राजभवन मार्च शुरू हो चुका है. तेजस्वी यादव के साथ सांसद मीसा भारती और संजय यादव, मनोज झा भी मार्च में मौजूद हैं. बड़ी संख्या में RJD कार्यकर्ता भी उनके साथ सड़क पर उतरे हैं.

खास बात यह है कि मार्च में तेजस्वी समेत सभी कार्यकर्ताओं के हाथ में तिरंगा नजर आ रहा है. कहीं भी RJD का झंडा दिखाई नहीं दे रहा है. कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ आगे बढ़ रहे हैं.

'पैलेट गन, किल वाली लाठी नहीं है तो मजा नहीं आएगा'

राजद के राजभवन मार्च में मनोज झा भी पहुंचे हैं. इस दौरान उन्होंने चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिसकर्मियों को लेकर तंज भरे लहजे में कहा, पैलेट गन, किल वाली लाठी नहीं है तो मजा नहीं आएगा. साथ ही उन्होंने राजभवन मार्च का मकसद बेहतर और ईमानदार शिक्षा प्रणाली के साथ रोजगार के अवसर देने की मांग बताई.

पहली बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े कार्यकर्ता

राजभवन मार्च के दौरान RJD कार्यकर्ताओं ने पहली लेयर की बैरिकेडिंग तोड़ दी. इसके बाद कार्यकर्ता लोकभवन की ओर आगे बढ़ गए. मार्च को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. पटना की सड़कों पर जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है.

नालंदा से पहुंचे 500 पुलिस जवान

तेजस्वी यादव के मार्च को देखते हुए कई जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल पटना बुलाया गया है. राजगीर SDPO के नेतृत्व में सिर्फ नालंदा से करीब 500 पुलिस जवान पटना पहुंचे हैं. एक पुलिस जवान के मुताबिक नालंदा के अलावा भोजपुर, सारण, रोहतास समेत कई जिलों से भी बड़ी संख्या में पुलिस बल बुलाया गया है.

इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस की बढ़ी सक्रियता

मार्च शुरू होते ही इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस की गतिविधियां बढ़ गईं. यहां वाटर कैनन को भी पोजीशन में रखा गया है.

प्रशासन की ओर से ट्रैफिक को भी नियंत्रित किया जा रहा है. चौराहे पर वाहनों की आवाजाही बंद किए जाने की तैयारी है. गाड़ियों को जल्द से जल्द वहां से निकालने की कोशिश की जा रही है.

DM-SSP ने खुद संभाली सुरक्षा की कमान

राजभवन मार्च को लेकर पटना के DM और SSP लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं. दोनों अधिकारी अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं. इनकम टैक्स चौराहे पर पटना DM कुंदन कुमार ने सदर SDM कृतिका मिश्रा को भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए.

मार्च से पहले SDM ने तिरंगे को लेकर दी थी हिदायत

मार्च शुरू होने से पहले पटना सदर SDM कृतिका मिश्रा ने RJD कार्यकर्ताओं से तिरंगे के सम्मान की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि कार्यकर्ताओं के हाथ में देश की आन-बान-शान तिरंगा है. इसलिए इसे सीधा पकड़ें और जमीन, पानी या कीचड़ में न छूने दें.

उन्होंने यह भी कहा था कि तिरंगे पर किसी तरह का राजनीतिक चिन्ह लगाना दंडनीय अपराध है.

छात्रों के मुद्दे पर तेजस्वी ने निकाला मार्च

तेजस्वी यादव ने यह मार्च छात्रों से जुड़े मुद्दों और सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर AK-47 चलाने के आरोप को लेकर निकाला है. उन्होंने RJD नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ छात्र संगठनों से भी मार्च में शामिल होने की अपील की थी.

हालांकि, छात्र नेता दिलीप ने तेजस्वी के राजभवन मार्च में शामिल होने से इनकार कर दिया. उनका कहना है कि छात्र कोई राजनीतिक पार्टी नहीं हैं और उनका आंदोलन अपने मुद्दों को लेकर है.

तेजस्वी के साथ दिखा RJD का पूरा कुनबा

राजभवन मार्च में तेजस्वी यादव के साथ सांसद मीसा भारती और संजय यादव भी मौजूद हैं. RJD कार्यकर्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है.

कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है. कई कार्यकर्ता छात्रों के समर्थन में नारे लगा रहे हैं. कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे छात्रों के लिए AK-47 की गोली खाने तक को तैयार हैं.

Also Read: प्रदर्शन के बीच RJD कार्यकर्ताओं को झंडा पकड़ना सिखाने लगीं SDM, बोलीं- तिरंगा उल्टा न पकड़ें, जमीन-कीचड़ में न छूने दें



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >