लालू यादव के लिए तैयार हो रहा नया आवास, 39 हार्डिंग रोड बनेगा RJD का नया पावर सेंटर, सामने आईं अंदर की तस्वीरें

Lalu-Rabri New Residence: बिहार की राजनीति का सबसे चर्चित पता रहा 10 सर्कुलर रोड जल्द खाली होने वाला है. राजद का नया सियासी ठिकाना 39 हार्डिंग रोड बन रहा है, जहां मरम्मत और साज-सज्जा का काम अंतिम चरण में है. नए आवास की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिन्हें आप इस खबर में देख सकते हैं.

Lalu Yadav New Residence: बिहार की राजनीति में लंबे समय तक सत्ता और सियासी रणनीतियों का केंद्र रहा 10 सर्कुलर रोड अब इतिहास बनने जा रहा है. करीब दो दशक से अधिक समय तक लालू प्रसाद और उनके परिवार की राजनीतिक गतिविधियों का मुख्य ठिकाना रहा यह सरकारी आवास जल्द खाली हो जाएगा. इसके साथ ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की राजनीति का नया केंद्र 39 हार्डिंग रोड बनने की तैयारी में है.

नए आवास को दिया जा रहा अंतिम रूप

पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को आवंटित 39 हार्डिंग रोड आवास को नए सिरे से तैयार किया जा रहा है. भवन में मरम्मत, साज-सज्जा और अन्य जरूरी सुविधाओं का काम तेजी से चल रहा है. सामने आई तस्वीरों में मजदूर अंतिम तैयारियों में जुटे दिखाई दे रहे हैं.

लालू की जरूरतों के अनुसार हो रहे बदलाव

सूत्रों के मुताबिक नए आवास में लिफ्ट की सुविधा नहीं है. ऐसे में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए भूतल पर विशेष कक्ष तैयार किया जा रहा है.

यहां आसान आवाजाही, रैंप और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था भी की जा रही है. हाल ही में राबड़ी देवी ने भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर रैंप समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था.

शुरू हुई सामान की शिफ्टिंग (Lalu Yadav New Residence)

सूत्रों की मानें तो 10 सर्कुलर रोड से सामान हटाने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है. फिलहाल कई सामान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास में रखा जा रहा है. माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में शिफ्टिंग का काम पूरा हो जाएगा.

नोटिस के बाद बढ़ा था सियासी विवाद

10 सर्कुलर रोड खाली कराने का मामला पिछले कई महीनों से राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ था. राबड़ी देवी को सबसे पहले पिछले वर्ष 15 दिसंबर को आवास खाली करने का नोटिस दिया गया था. इसके बाद 17 अप्रैल को रिमाइंडर भेजा गया. फिर 29 मई को तीसरी बार नोटिस जारी कर आवास खाली करने को कहा गया. इस मुद्दे को लेकर सरकार और राजद के बीच तीखी बयानबाजी भी देखने को मिली थी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

राबड़ी देवी ने दिया था खुला जवाब

आवास खाली करने के नोटिस पर राबड़ी देवी ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वे खुद मकान खाली नहीं करेंगी. यदि सरकार चाहती है तो बल प्रयोग कर खाली करा सकती है. उनके इस बयान के बाद मामला और ज्यादा राजनीतिक रंग ले गया था.

सिर्फ आवास नहीं, RJD की राजनीति का प्रतीक

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 10 सर्कुलर रोड सिर्फ एक सरकारी आवास नहीं रहा है. यह बिहार की राजनीति का एक अहम प्रतीक भी रहा है. लालू-राबड़ी शासन के दौर से लेकर विपक्ष की राजनीति तक, राजद के कई बड़े फैसले और रणनीतियां इसी परिसर से तय होती रही हैं.

Also Read: भरत तिवारी एनकाउंटर की होगी न्यायिक जांच, CM सम्राट चौधरी का बड़ा फैसला, रिटायर्ड जज करेंगे पड़ताल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >