Patna News : जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईआईटी पटना परिसर में शनिवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना की एनएसएस इकाई ने नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (एनएसएमसीएच), अमहरा के सहयोग से शिविर लगाया. इसमें विद्यार्थियों समेत संस्थान के सदस्यों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया.
108 लोगों ने स्वेच्छा से किया रक्तदान
शिविर में कुल 108 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया. एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सोमनाथ प्रधान के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में एनएसएस छात्र निकाय की टीम ने रक्तदाताओं के पंजीकरण से लेकर अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली. दिनकर आनंद, पर्णव मैत्रा, तनिष्क राज, पीयूष कुमार और दीक्षित वर्मा समेत स्वयंसेवकों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया.
चिकित्सा टीम ने की रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच
एनएसएमसीएच की चिकित्सा एवं ब्लड बैंक टीम ने शिविर में रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच की. जांच में योग्य पाये गये लोगों से सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया. चिकित्सा टीम का नेतृत्व प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं ब्लड बैंक डॉ. शिवेंद्र कुमार सिन्हा ने किया. इस दौरान रक्तदान की प्रक्रिया को लेकर भी जरूरी जानकारी दी गयी.
विद्यार्थियों को रक्तदान के लिए किया प्रेरित
शिविर में टीएएल ब्लड के संस्थापक विश्वजीत काशिद भी मौजूद रहे. उन्होंने विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया. उन्होंने रक्तदान के महत्व को बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस सामाजिक पहल से जुड़ने का संदेश दिया.
जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचेगा रक्त
एनएसएमसीएच के मैनेजिंग डायरेक्टर कृष्ण मुरारी के विजन के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जरूरत के समय मरीजों को रक्त उपलब्ध कराना और रक्त की कमी के कारण किसी मरीज को होने वाली परेशानी को कम करना है. आयोजन के अंत में एनएसएस की ओर से सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा टीम और स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताया गया.
