संवाददाता, पटना सहकारिता मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि 30 मार्च को पटना के बापू सभागार में अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष को लेकर राज्य स्तरीय सहकारिता सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा. कार्यक्रम का उद्घाटन देश के गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे. इस दौरान श्री शाह की ओर से राज्य को कई योजनाओं की सौगात दी जायेगी. सहकारिता विभाग की 111.18 करोड़, नगर विकास एवं आवास विभाग की 421.41 करोड़ रुपये की पांच योजनाएं शुरू की जायेंगी. साथ ही गृह विभाग की 133 पुलिस भवनों का शिलान्यास अमित शाह करेंगे. इसकी कुल लागत 181.84 करोड़ रुपये है. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की 109.16 करोड़ की कुल 03 योजनाओं का शिलान्यास भी होगा. कुल 826.59 करोड़ की योजनाओं की सौगात बिहार को मिलेगी. वे शुक्रवार को सूचना व जन संपर्क विभाग के संवाद कक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे. मंत्री ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने त्रिभुवन सहकारिता विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा की है. इसी तरह बिहार में सहकारिता महाविद्यालय खोला जायेगा.
माइक्रो एटीएम मिलेगी, मखाना प्रोसेसिंग सेंटर का होगा उद्घाटन : मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम में रेवा प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति को सांकेतिक रूप से माइक्रो एटीएम सौंपी जायेगी. दरभंगा जिला के केवटी रनवे, प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति में मखाना प्रोसेसिंग सेंटर का उद्घाटन किया जायेगा. सारण के बनियापुर के उत्सव उज्ज्वल मनोपाली किसान उत्पादक संगठन को ऋण पत्र, महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति को सांकेतिक निबंधन प्रमाण–पत्र दिया जायेगा. वे बिहार राज्य सहकारी बैंक/जिला सहकारी बैंक द्वारा बैंक मित्र के रूप में 100 सहकारी समितियों को माइक्रो एटीएम देंगे.भंडारण योजना से जुड़ेंगे 25 पैक्स :
दीप नारायण सिंह क्षेत्रीय सहकारी प्रबंध संस्थान, पटना के नवनिर्मित पूर्णत: छात्रवास का भी उद्घाटन होगा. राज्य के 25 पैक्सों को विश्व की सबसे बड़ी भंडारण योजना से जोड़ा जायेगा. वेबपोर्टल का लोकार्पण होगा. गोपालगंज जिले के कुचायकोट प्रखंड के विक्रमपुर पैक्स में ग्रामीण हाट की स्वीकृति पत्र दिया जायेगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
