पटना : बेलछी में घास काटने गई 12 वर्षीय बच्ची की हत्या, दुष्कर्म की आशंका पर परिजनों ने NH-30A किया जाम

Patna Girl Murder : पटना जिले के बेलछी थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई. घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने NH-30A को जाम कर दिया. दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है, पुलिस जांच में जुटी है.

बाढ़ से जयमणी कुमार की रिपोर्ट

Patna Girl Murder : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के बेलछी थाना क्षेत्र में शनिवार को मवेशियों के लिए घास लाने गई 12 वर्षीय बच्ची की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची का शव सड़क पर रखकर NH-30A जाम कर दिया.

सुबह से NH-30A पर आवागमन बाधित

परिजनों ने करीब सुबह 8 बजे से शव को सड़क पर रखकर जाम किया. खबर लिखे जाने तक सड़क पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे थे. हालांकि, परिजन बच्ची की हत्या के मामले में न्याय और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे.

तीन घंटे तक घर नहीं लौटी तो शुरू हुई तलाश

परिजनों के अनुसार बच्ची शनिवार दोपहर करीब तीन बजे मवेशियों के लिए घास लाने घर से निकली थी. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. शाम करीब छह बजे परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी.

धारदार हथियार से हत्या की जांच

सूचना मिलने के बाद बेलछी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की. पुलिस के अनुसार घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

दुष्कर्म की आशंका जता रहे परिजन

घटना के बाद मृतका के परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई है. परिजनों का कहना है कि बच्ची के कपड़े खुले हुए थे. हालांकि, दुष्कर्म की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है.

दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ

मामले में पुलिस की ओर से दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, हिरासत में लिए गए युवकों की घटना में संलिप्तता को लेकर पुलिस की ओर से अंतिम पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

अनुमंडल अस्पताल में भी हुआ विवाद

घटना के बाद अनुमंडल अस्पताल में मृतका के चाचा की पुलिसकर्मियों के साथ नोकझोंक हुई. इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को शांत कराया.

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

बेलछी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी है. घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है. बच्ची के घर से निकलने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से भी पूछताछ कर रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी स्थिति

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बच्ची की मौत से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य स्पष्ट हो सकते हैं. दुष्कर्म की आशंका को लेकर भी मेडिकल और जांच रिपोर्ट के आधार पर स्थिति साफ होगी. फिलहाल पुलिस हत्या के कारण और घटना में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है.

Also Read : बिहार में अब तक आयुर्वेद विश्वविद्यालय नहीं, 3 राजकीय कॉलेज वर्षों से बंद होने का दावा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साक्षी कुमारी

साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >