Firing In Patna: पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्यापुर गांव में पुरानी रंजिश और पूर्व के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, रोड़ेबाजी और कई राउंड गोलीबारी शुरू हो गई. उपद्रव के दौरान गुस्साए लोगों ने दो मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया. इस भीषण मारपीट और पथराव में दोनों पक्षों से आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद से ब्यापुर गांव में भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है.
बांक गांव से शुरू हुई झड़प ब्यापुर पहुंचते ही हुई हिंसक
स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व के विवाद को लेकर सबसे पहले बांक गांव के समीप दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई, जहां कई राउंड गोलियां चलाई गईं. इसके बाद विवाद और बढ़ता चला गया. दोनों पक्षों के लोग वहां से ब्यापुर गांव पहुंचे और एक बार फिर आपस में भिड़ गए. ब्यापुर गांव में दोनों तरफ से जमकर रोड़ेबाजी और मारपीट हुई, साथ ही लगातार कई राउंड गोलीबारी से इलाका थर्रा उठा. इसी दौरान दोनों पक्षों की ओर से दो बाइकों में आग लगा दी गई, जिससे गांव में दहशत और तनाव फैल गया.
जसवीर कुमार समेत आधा दर्जन लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
इस रोड़ेबाजी और हिंसक झड़प में ब्यापुर निवासी जसवीर कुमार सहित दोनों पक्षों के कुल आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से गोली का एक खोखा बरामद किया है.
हरेंद्र और जसवीर के बीच था पूर्व का विवाद: थानाध्यक्ष
घटना के संबंध में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि पूर्व के विवाद को लेकर हरेंद्र और जसवीर के गुटों के बीच झगड़ा और मारपीट की घटना हुई है. थानाध्यक्ष ने घटना के दौरान दो मोटरसाइकिलों को आग के हवाले किए जाने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और उपद्रवियों की पहचान कर उचित कानूनी कार्रवाई करने में जुटी हुई है. गांव में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है.
Also Read: पटना: मनेर से दानापुर काम करने निकली दो बेटियों की मां लापता, पति ने प्रेमी संग जाने का लगाया आरोप
