Encounter In Bihar: (पटना से अजय कुमार और शुभम कुमार की रिपोर्ट)
बिहार में एक के बाद एक अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है. इस बीच पटना में बुधवार की सुबह कुख्यात अपराधी अजय पासवान का एनकाउंटर किया गया. अपराधी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. बताया जा रहा है कि पुलिस को काफी लंबे समय से अपराधी की तलाश थी.
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
घटना के बारे में बताया गया कि पुलिस को अपराधी के मसौढ़ी थाना इलाके के चरमा में होने की गुप्त सूचना मिली थी. इसी के आधार पर पुलिस कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची और बदमाशों की घेराबंदी की. पुलिस से घिरता देख अपराधी भागने लगे. इस दौरान अजय पासवान ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चला दी. गोली अजय पासवान के पैर में लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल इलाज के लिए ले जाया गया.
स्वर्ण व्यवसायी को बनाया था निशाना
जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने अजय यादव उर्फ छोटू उर्फ सरवन को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस दोनों अपराधियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियारों के बारे में जानकारी जुटा रही है. सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों ने दो दिन पहले मसौढ़ी के एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाने की साजिश रची थी. इसके लिए व्यवसायी और उसकी दुकान की रेकी भी की गई थी. लेकिन पुलिस की सक्रियता से बड़ी वारदात टल गई.
कैश वैन लूटकांड से जुड़ा मामला
इससे पहले 13 मई को गोपालपुर थाना इलाके के जोल बीघा के पास हथियारबंद अपराधियों ने सीएमएस सिक्योरिटी वैन को रोककर करीब 27 लाख रुपये लूट लिए थे. बताया गया कि सिक्योरिटी वैन अपने तय रूट से गुजर रही थी. इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने वैन को घेर लिया. हथियार के बल पर सुरक्षाकर्मियों को कब्जे में लेकर अपराधियों ने कैश से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए.
वारदात के बाद पुलिस ने इलाके में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया था. घटना के करीब तीन किलोमीटर दूर उस बक्से को बरामद किया गया था, जिसमें कैश रखा गया था. लेकिन रुपये गायब थे. इस सनसनीखेज लूटकांड के बाद से पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी थी. मसौढ़ी में हुई मुठभेड़ को इसी कार्रवाई की बड़ी सफलता माना जा रहा है.
कई आपराधिक मामले अजय पासवान पर दर्ज
इस तरह से कुख्यात अपराधी अजय पासवान पर बैंक डकैती और लूट के कई मामले दर्ज है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आस-पास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है. साथ ही घटना के बाद इलाके में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है. एफएसएल की टीम भी पहुंची है. फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है.
सम्राट सरकार में अब तक हुए 13 एनकाउंटर
27 मई- पटना के मसौढ़ी में कुख्यात अपराधी अजय पासवान का एनकाउंटर हुआ.
26 मई- खगड़िया में 50 हजार के इनामी अपराधी का एनकाउंटर किया गया.
22 मई- जहानाबाद में बिक्कू सिंह उर्फ रावण का पुलिस ने एनकाउंटर किया.
21 मई- किशनगंज जिले में बाइक चोर गिरोह के सदस्य को लगी गोली.
20 मई- समस्तीपुर में पुलिस ने अपराधी का अनकाउंटर किया.
19 मई- पटना में 27 लाख रुपये लूटने वाली क्रिमिनल का एनकाउंटर.
18 मई- सीवान में लूटकांड के आरोपी के पैर में मारी गोली.
18 मई- पटना में टीचर पर फायरिंग करने वाले अपराधी का पुलिस ने एनकाउंटर किया.
13 मई- बिहटा में विदेशी राय और पप्पू राय का एनकाउंटर किया गया. (अपराधियों के पैर में गोली मारी गई)
3 मई- सिवान पुलिस ने बीजेपी नेता के भांजे हर्ष की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी सोनू यादव को एनकाउंटर में ढेर किया.
30 अप्रैल- हर्ष की हत्या में ही शामिल छोटू यादव का एनकाउंटर किया था.
29 अप्रैल- भागलपुर की नगर परिषद में घुसकर अफसर की हत्या करने वाले आरोपी रामधनी यादव का एनकाउंटर किया गया.
22 अप्रैल- पटना में ज्वेलरी शॉप लूटकांड के आरोपी दिलीप कुमार का एनकाउंटर किया गया था.
Also Read: सम्राट कैबिनेट की आज होगी बैठक, इन विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
