खुसरूपुर से नवीन कुमार की रिपोर्ट
Khusrupur Train Accident : पटना में गुरुवार की सुबह खुसरूपुर में रेल पोल संख्या 68/513 डाउन लाइन पर दर्दनाक हादसा हो गया. दूध लेने घर से निकली 75 वर्षीय माया देवी, पति स्वर्गीय केदार प्रसाद, रेलवे क्रॉसिंग पार करने के दौरान 13344 डाउन पटना-दुमका एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर मौत
बताया गया कि माया देवी रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं. इसी दौरान पटना-दुमका एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी और वह ट्रेन की चपेट में आ गईं. हादसा इतना गंभीर था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
सूचना पर मौके पर पहुंची जीआरपी
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
कम सुनाई देने की बात सामने आई
स्थानीय लोगों और जानकारों के अनुसार, माया देवी को कान से कम सुनाई देता था. आशंका जताई जा रही है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय उन्हें ट्रेन की हॉर्न या आवाज सुनाई नहीं दी होगी. हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
परिवार में मचा कोहराम
माया देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. वह अपने पीछे एक बेटा, एक पोता और दो पोतियों को छोड़ गई हैं. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जीआरपी कर रही मामले की कार्रवाई
हादसे के बाद जीआरपी पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है.
